रांची. पंडरा ओपी की पुलिस ने सिटी ट्रस्ट अस्पताल के आवासीय परिसर में रहने वाली महिला सुभद्रा देवी की मौत पर हत्या का केस दर्ज कर पति महाबीर साहू को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया. मामले को लेकर केस मृत महिला के भाई बजरा बरियातू निवासी गोपाल सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया है. इसमें हत्या का आरोप महिला के पति महाबीर साहू और उनकी दो बेटियों सुमन साहू और पूनम साहू पर लगाया गया है. हत्या में मृत महिला की दोनों बेटियों की भूमिका पर पुलिस जांच कर रही है. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि सुभद्रा देवी की निर्मम तरीके से हत्या करने के बाद उसकी दोनों बेटियों और पति ने ऑनलाइन खाना मंगाया. इसके बाद सुभद्रा देवी के शव के पास बैठ कर सभी ने खाना खाया. हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाना लगाने के लिए एंबुलेंस को बुलाया. इस बीच पड़ोसियों ने वहां जाकर देखा, तो पता चला कि महिला की हत्या हुई है. पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता भी वहां पहुंचे. घटना की जानकारी लेने के दौरान तीनों आरोपी उस पर टूट पड़े. शिकायतकर्ता ने आगे पुलिस को बताया है कि आरोपी पक्ष के लोगों ने पिछले तीन सालों से सुभद्रा देवी को अलग कर रखा था. दरअसल सुभद्रा देवी को जमीन की बिक्री करने पर कुछ पैसे मिले थे. सुभद्रा ने अपनी दोनों बेटियों को इसमें कुछे पैसे दिये थे. एक महीना पहले सुभद्र देवी से इलाज के बहाने 50 हजार रुपये और घटना से दो दिन पहले 20 हजार रुपये उसकी बेटियों ने लिया था. घटना के पहले आरोपी पक्ष के लोग सुभद्रा देवी से और पैसा और एटीएम कार्ड की मांग कर रहे थे. जब उसने पैसे देने से इंकार कर दिया, तो उसकी हत्या कर दी गयी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
