राजेश कुमार
Ranchi: विदेश में बैठकर झारखंड में गैंगस्टर प्रिंस खान अपने अपराध का सल्तनत चला रहा है. एक बार फिर रांची के एक बड़े होटल कारोबारी फिरायालाल चौक स्थित जलजोगा रेस्टूरेंट के मालिक मिहिर घोष से 50 लाख की रंगदारी मांगी गयी है. यह रंगदारी वॉयस कॉल और व्हाट्सएप मैसेज के माध्यम से मांगी गयी है. रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को खत्म करने के साथ खोपड़ी खोल देने की धमकी दी गयी है. मामले में मिहिर घोष ने लोअर बाजार थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है.
अनजान विदेशी नंबर से आया धमकी भरा मैसेज
मिहिर घोष ने आवदेन के माध्यम से बताया कि दो जून की सुबह जगा, तो व्हाट्सएप चेक करने के दौरान अनजान विदेशी नंबर से धमकी भरा संदेश आया था. संदेश में लिखा था कि 50 लाख रुपये की रंगदारी नहीं मिली, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें.
जोहार, मिहिर घोष जी, मैं प्रिंस खान…
धमकी भरे मैसेज में लिखा गया है कि जोहार. मिहिर घोष जी, मैं प्रिंस खान बोल रहा हूं दुबई से. बहुत दिनों से रेस्टूरेंट चला रहे हैं. 50 लाख रुपये प्रोटेक्शन मनी दीजिए. आप और आपके भाई समीर घोष और आपकी पूरी फैमिली का रेकी कर लिया गया है. एक इशारे पर परिवार के किसी भी व्यक्ति का खोपड़ी खोल दिया जायेगा. मैसेज मिलते ही जल्द-से-जल्द सेटलमेंट कीजिए. नहीं तो टिटोस जैसी घटना के लिए तैयार रहें – प्रिंस खान.
कई बार कॉल किया गया
धमकी भरा मैसेज भेजने के बाद भी कारोबारी को सुबह 6:19, 9:27, 9:29 और दोपहर 12:53 बजे व्हाट्सएप वॉयस कॉल किया गया. कारोबारी ने जब फोन नहीं उठाया, तो वॉयस मैसेज के माध्यम से धमकी दी और कहा कि पुलिस को खबर की, तो भी खोपड़ी खोल देंगे. इस धमकी के बाद से मिहिर घोष, उनके भाई समीर घोष और उनका पूरा परिवार बुरी तरह डरे हुए हैं.
पहले भी मांगी गयी है रंगदारी
मार्च, 2026 में अल्बर्ट एक्का चौक के निकट स्थित दवा कारोबारी से प्रिंस खान के नाम पर एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गयी थी. जबकि, इसके पहले ही जनवरी, 2026 में एयरपोर्ट इलाके में एक रेस्टूरेंट कारोबारी से प्रिंस खान ने रंगदारी मांगी थी. रंगदारी नहीं देने पर प्रिंस खान के गुर्गों ने रेस्टूरेंट में जाकर फायरिंग की थी. जिसमें एक वेटर की मौत हो गयी थी.
क्या कहती है पुलिस
सिटी एसपी पारस राणा ने कहा कि जलजोगा रेस्टूरेंट के मालिक से 50 लाख रुपये की रंगदारी प्रिंस खान के नाम पर मांगी गयी है. प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. साथ ही पुलिस अनुसंधान में जुट गयी है.
ये भी पढ़ें…
JTET में भोजपुरी-मगही पर रार: मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने खोला मोर्चा, दिया ये तर्क
रांची के बहुबाजार-सिरमटोली कनेक्टिंग फ्लाई ओवर का काम सिर्फ 37%, 14 जून को खत्म हो रही डेडलाइन
