शुभम हल्दार
Ranchi: रांची जिला के तमाड़ थाना क्षेत्र के लोधमा गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. प्रेम प्रसंग और शादी के विवाद में एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने ही चचेरे देवर की जहर देकर हत्या कर दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है. बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि मृतक शंकर नायक के माता-पिता की करीब एक साल पहले बीमारी के कारण मृत्यु हो गई थी. इसके बाद वह घर में अकेला रहता था. उसकी चचेरी भाभी गीता देवी ही उसके खाने-पीने और घर के कामकाज का ध्यान रखती थी. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम प्रसंग शुरू हो गया.
कुछ समय बाद शंकर नायक ने शादी कर अपना अलग परिवार बसाने की तैयारी शुरू कर दी और लड़की देखने जाने लगा. यह बात गीता देवी को पसंद नहीं थी. वह नहीं चाहती थी कि शंकर नायक शादी कर उससे दूर हो जाए. इसी बात से नाराज होकर गीता देवी ने अपने पति बलदेव मछुवा के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.
शक से बचने के लिए पति को भी दी जहरीली चाय
पुलिस जांच में सामने आया कि 6 फरवरी को योजना के तहत शंकर नायक को चाय में कीटनाशक दवा मिलाकर पिला दिया गया. लोगों को भ्रमित करने और शक से बचने के लिए वही चाय आरोपी महिला ने अपने पति को भी दी, लेकिन पहले ही उसने अपने पति को चाय नहीं पीने की हिदायत दे दी थी. बाद में बलदेव मछुवा ने तबीयत खराब होने का नाटक किया और इलाज के लिए बुंडू अस्पताल पहुंचा. ताकि किसी को संदेह न हो. चाय पीने के बाद शंकर नायक की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसके मुंह से झाग निकलने लगा. गंभीर हालत में उसके भाई सुकरा नायक उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर ले गए. जहां इलाज के दौरान उसी दिन उसकी मौत हो गई. इसके बाद एमजीएम अस्पताल में ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया.
भाई सुकरा नायक ने दर्ज कराया मामला
पोस्टमार्टम के बाद 7 फरवरी को शव गांव लाया गया. मामले को संदिग्ध मानते हुए मृतक के भाई सुकरा नायक ने 9 फरवरी को तमाड़ थाना में लिखित आवेदन दिया. आवेदन के आधार पर तमाड़ थाना कांड संख्या 11/2026 के तहत धारा 103(1), 123 एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. तमाड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार मोदी और पुलिस टीम ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया. जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हत्या पूर्व नियोजित साजिश के तहत की गई थी.
पुलिस ने आरोपी गीता देवी (35 वर्ष) और उसके पति बलदेव मछुवा (38 वर्ष), दोनों निवासी लोधमा, थाना तमाड़, जिला रांची को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
ये भी पढ़ें…
रांची के कटहल मोड़ से नौ लाख नकदी बरामद, चेकिंग में मिला पैसा
धनबाद में डॉक्टर को जान से मारने की धमकी, आईसीयू के बाहर चिपकाया लेटर
