रांची: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने राज्य की 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि जीवनरक्षक एंबुलेंस सेवा को पारदर्शिता की बजाय मित्रवाद और पक्षपात का शिकार बना दिया गया है, जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है.
अजय साह ने कहा कि मंत्री पद संभालते ही इरफान अंसारी ने पुरानी एजेंसी को हटाकर पूरा संचालन पटना की सम्मान फाउंडेशन को सौंप दिया. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस संस्था का चयन स्वास्थ्य मंत्री के करीबी इरफान आलम से संबंधों के आधार पर किया गया? यदि नहीं, तो सरकार चयन प्रक्रिया के वित्तीय और तकनीकी मानदंड सार्वजनिक करे.
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जिस संस्था का अनुबंध दिसंबर 2025 में हटाने की बात कही गयी थी, उससे मई 2026 तक काम क्यों लिया गया? नया टेंडर जारी होने के बाद भी उसकी तारीख बार-बार बढ़ायी जा रही है, जो किसी मनचाहे वेंडर को लाभ पहुंचाने का संदेह पैदा करता है. उन्होंने एंबुलेंसों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाये.
साथ ही सम्मान फाउंडेशन को किये गये कुल भुगतान का विवरण सार्वजनिक करने, 108 एंबुलेंस सेवा की टेंडर प्रक्रिया और गाड़ियों की खरीद की स्वतंत्र जांच कराने. स्वास्थ्य मंत्री और इरफान आलम के कथित संबंधों की निष्पक्ष जांच कराने और कर्मचारियों के बकाया वेतन का भुगतान अविलंब कराने की मांग की है.
