रांची. झारखंड भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन में राज्यपाल से मुलाकात कर राज्य के वर्तमान हालात, विशेषकर रांची में चल रहे छात्र आंदोलन से अवगत कराया. राज्यपाल से मिलने वाले नेताओं में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह शामिल थे.
भाजपा नेताओं ने राज्यपाल को बताया कि राज्य भर के अभ्यर्थी और छात्र पिछले 24 दिनों से न्याय की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं. कई छात्र आमरण अनशन पर हैं और गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन राज्य सरकार उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है.
वार्ता के नाम पर अभ्यर्थियों को केवल गुमराह किया जा रहा है. नेताओं ने राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करते हुए आग्रह किया कि वह इस दिशा में ठोस कदम उठायें, ताकि सरकार छात्रों की जायज मांगों पर विचार कर त्वरित समाधान निकाले. वहीं, राज्यपाल ने भाजपा नेताओं को आश्वस्त किया कि वह राज्य की तमाम परिस्थितियों पर पैनी नजर रखे हुए हैं.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL रद्द हुई तो चली जाएगी नौकरी? 2 हजार कर्मचारियों को सता रहा डर, प्रोजेक्ट भवन के बाहर बनाई मानव श्रृंखला
ये भी पढ़ें: JAC में नियम विरुद्ध कार्य का आरोप, वित्तपोषित शिक्षण संस्थाओं ने दी हाइकोर्ट जाने की चेतावनी
