रांची. जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षा में हुई कथित धांधली के खिलाफ विधानसभा मार्च कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन के इस्तेमाल के विरोध में भाजपा कार्यकर्ता मंगलवार को सड़क पर उतरे. कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने टायर जलाकर विरोध जताया.
भाजपा नेताओं ने राज्य भर में बंद को सफल बताते हुए दावा किया कि आम जनता, व्यापारियों और युवाओं ने स्वतःस्फूर्त समर्थन दिया. रांची में बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, भानु प्रताप शाही और रांची महानगर जिलाध्यक्ष वरुण साहू सहित कई कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद रखकर छात्रों के समर्थन की अपील की.
श्री साहू ने कहा कि बंद की ऐतिहासिक सफलता यह साबित करती है कि झारखंड की पूरी जनता पीड़ित छात्रों के साथ खड़ी है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन युवाओं के हाथों में कलम होनी चाहिए, उन पर लाठियां बरसायी गयीं. भाजपा ने सरकार से मांग की है कि जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल परीक्षा को तत्काल रद्द किया जाये और पूरी धांधली की सीबीआइ जांच करायी जाये.
पूर्व मंत्री अमर कुमार बाउरी और भानु प्रताप शाही ने कहा कि निहत्थे छात्रों पर पुलिसिया दमन लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए शर्मनाक है. सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए लाठी का सहारा ले रही है. रांची महानगर जिलाध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि जनता ने सरकार की संवेदनहीनता के खिलाफ आवाज बुलंद की है. भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक परीक्षाओं को रद्द कर निष्पक्ष जांच के आदेश नहीं दिये जाते, तब तक सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा. बंद को सफल बनाने के लिए पार्टी ने जनता व व्यापारियों का आभार जताया.
