Assembly Election 2029: झारखंड की 22 सीटों पर चुनाव लड़ेगा राजद, लालू प्रसाद चुनेंगे कंडीडेट

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने झारखंड विधानसभा चुनाव 2029 के लिए कमर कस ली है. प्रदेश संसदीय बोर्ड की बैठक में 22 सीटों पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया है. हालांकि, उम्मीदवारों के चयन का अंतिम अधिकार राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को सौंपा गया है.

रांची से सतीश कुमार की रिपोर्ट

झारखंड विधानसभा चुनाव 2029 की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है. इसी सिलसिले में शुक्रवार को रांची स्थित प्रदेश राजद कार्यालय में प्रदेश संसदीय बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में संगठन के विस्तार, चुनावी रणनीति और संभावित उम्मीदवारों के चयन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए.

संसदीय बोर्ड की बैठक में हुआ महत्वपूर्ण फैसला

पूर्व मंत्री एवं प्रदेश संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश पासवान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राजद आगामी विधानसभा चुनाव में झारखंड की 22 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा. बैठक में पार्टी नेताओं ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती और चुनावी संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की. साथ ही कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी तैयारी में जुटने का संदेश दिया गया.

उम्मीदवारों के चयन का अधिकार लालू प्रसाद यादव को

बैठक में यह भी तय किया गया कि जिन 22 विधानसभा सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी, उन सीटों और उम्मीदवारों के अंतिम चयन का अधिकार राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव को दिया जाएगा. संसदीय बोर्ड ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर लालू प्रसाद यादव को अधिकृत किया कि वे पार्टी हित, स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों और संगठनात्मक मजबूती को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम निर्णय लें.

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद

बैठक में प्रदेश राजद अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, डॉ. मनोज कुमार, अनीता यादव, रंजन यादव, रानी कुमारी, विक्रम यादव, चंद्रिका यादव और राजकुमार यादव सहित संसदीय बोर्ड के कई वरिष्ठ सदस्य उपस्थित रहे. बैठक के दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और आगामी चुनाव को लेकर समन्वित रणनीति अपनाने पर भी चर्चा की गई.

इसे भी पढ़ें: वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने नहीं लौटाई सरकारी गाड़ी, नई इनोवा का ले रहे थे आनंद

चुनावी तैयारियों की ओर बढ़ा राजद

राजद के इस फैसले को झारखंड विधानसभा चुनाव 2029 की दिशा में शुरुआती राजनीतिक तैयारी के रूप में देखा जा रहा है. हालांकि, किन 22 सीटों पर पार्टी चुनाव लड़ेगी और किन चेहरों को मैदान में उतारा जाएगा, इसका अंतिम फैसला अब राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव करेंगे. उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया और गठबंधन की संभावित तस्वीर आने वाले समय में झारखंड की चुनावी राजनीति को नई दिशा दे सकती है. फिलहाल, इतना तय है कि राजद ने अपनी चुनावी शतरंज की बिसात बिछानी शुरू कर दी है, अब अगली चाल किस सीट पर और किस चेहरे के साथ चलेगी, इस पर सबकी नजर रहेगी.

इसे भी पढ़ें: राम मंदिर मामले में मंत्री इरफान अंसारी का बीजेपी पर हमला, बोले- कथित घोटाले की हो जांच


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarvishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >