रांची. श्री मंडा पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति अरगोड़ा के तत्वावधान में मंडा पूजा का शुभारंभ हो चुका है. समिति अध्यक्ष मुनेश्वर साहू ने कहा कि अभी नगर भ्रमण किया जा रहा है. पूजा में शामिल होनेवाले भोक्ता अरगोड़ा और आसपास के इलाकों में भ्रमण कर रहे हैं. नगर भ्रमण करनेवाले भोक्ता देवी को कंधे पर लेकर घरों में पहुंचते हैं, जहां घर के लोग देवी की पूजा करते हैं. पूजा में शामिल होने के लिए भोक्ता ईश्वर की कठिन भक्ति के नियमों का पालन कर रहे हैं. सिर्फ रात में सात्विक भोजन करते हैं. नौ दिनों तक भोक्ता जमीन पर ही सोते हैं और चप्पल नहीं पहनते. 22 मई तक नगर भ्रमण का कार्यक्रम होगा. 23 मई को दोपहर दो बजे से शिव मंदिर के प्रांगण में वेतजोरी, लोटन सेवा, बरमंगी जैसे अनुष्ठानों के साथ रात में धुवांसी और फुलखूंदी होगी. 24 मई को अरगोड़ा के दादुलघाट से लेकर सभी शिवभक्त रंग-बिरंगे परिधानों में सजकर शिवजी की शोभायात्रा निकालेंगे. शोभायात्रा में शामिल लोग बूढ़ा महादेव मंदिर की परिक्रमा करेंगे. फिर अरगोड़ा स्थित मंडा मैदान में 40 फीट ऊंचे मंच पर झूलन होगा. पूजा को सफल बनाने में समिति के महासचिव पवन साहू, सचिव नरेंद्र प्रसाद साहू, कोषाध्यक्ष शिव प्रसाद, सह कोषाध्यक्ष दिलरंजन साहू आदि जुटे हुए हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
