रांची. गढ़वा के जिला खेल पदाधिकारी (डीएसओ) दिलीप कुमार पर एक महिलाकर्मी ने दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है. इस संबंध में महिला ने गढ़वा उपायुक्त को पत्र लिख कर डीएसओ के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है. पत्र में महिला ने लिखा है कि वह (महिला) नवंबर 2024 से गढ़वा के फुटबॉल स्टेडियम (खेल विभाग) में कार्य कर रही है. इस दौरान डीएसओ उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं. वह (डीएसओ) कभी अपने आवास, कभी टेनिस, तो कभी फुटबॉल स्टेडियम और कभी समाहरणालय में अकेले कार्य करने को कहते हैं. गंदी गालियां भी देते हैं. टॉर्चर के साथ-साथ मारपीट भी करते हैं. इसके अलावा वेतन के 10000 रुपये भी ले लिया है. महिला ने उपायुक्त से डीएसओ पर कार्रवाई करने की मांग की है. इस बारे में जब दिलीप कुमार से पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को काम तो करना पड़ेगा. काम नहीं करने वाले ही इस तरह के आरोप लगाते हैं. मुझ पर जो भी आरोप लगाये गये हैं, वह पूरी तरह से बेबुनियाद और मनगढ़ंत हैं और मुझे फंसाने की साजिश की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
