रांची. उत्तर-मध्य रेलवे प्रयागराज और मध्य रेलवे मुंबई ने यहां खेली जा रही 82वीं अखिल भारतीय पुरुष रेलवे हॉकी चैंपियनशिप में शुक्रवार को जीत दर्ज की. दक्षिण-पूर्व रेलवे रांची के तत्वावधान में सेरसा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम हटिया में खेले गये पहले मैच में उत्तर-मध्य रेलवे ने पूर्व तट रेलवे भुवनेश्वर को 5-2 से हराया. विजेता टीम की ओर से सुबोध खांडेकर ने तीन, अर्जुन शर्मा व अजय यादव ने एक-एक गोल किये. दूसरे मुकाबले में मध्य रेलवे मुंबई ने इंटीग्रल कोच फैक्टरी चेन्नई को 3-0 से हराया. मुंबई की ओर से युवराज वाल्मीकि ने दो व पंकज सिंह ने एक गोल किये. शनिवार को इंटीग्रल कोच फैक्टरी चेन्नई व उत्तर-पश्चिम रेलवे राजस्थान, रेल कोच फैक्टरी कपूरथला व पूर्व तट रेलवे भुवनेश्वर और दक्षिण-पूर्व रेलवे व मध्य रेलवे मुंबई के बीच मैच खेले जायेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
