Ranchi News : राज्य में 80 फीसदी फिश फार्म का संचालन पीपीपी मोड पर करने की तैयारी : मंत्री

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने प्रगतिशील मत्स्य कृषकों के साथ संवाद किया.

रांची.

कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने प्रगतिशील मत्स्य कृषकों के साथ संवाद किया. धुर्वा स्थित मत्स्य अनुसंधान केंद्र में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान मत्स्य पालन से जुड़े किसानों ने कई सुझाव दिये. मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा है कि राज्य में 80 के करीब फिश फार्म के सफल संचालन के लिए विभाग पीपीपी मोड पर काम करने पर विचार कर रहा है. इस दौरान किसानों ने राज्य में मत्स्य बीज की कमी से लेकर मत्स्य फीड को लेकर सुझाव दिये. मत्स्य पालकों ने कहा कि सरकार को इस दिशा में आवंटन बढ़ाने और राज्य के अंदर फीड की समुचित व्यवस्था करने की जरूरत है. किसानों ने राज्य में बत्तख पालन की यूनिट, झींगा पालन की यूनिट में बढ़ोतरी व तालाबों के जीर्णोद्धार के साथ-साथ मत्स्य प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की मांग की.

मत्स्य पालन के क्षेत्र में ज्यादा ग्रोथ

मंत्री ने कहा कि झारखंड में मत्स्य पालन के क्षेत्र में सबसे ज्यादा ग्रोथ दिख रहा है. राज्य में मत्स्य पालन में 40 प्रतिशत तक का ग्रोथ नजर आता है. उन्होंने कहा कि सरकार राज्य में मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के लिए नीति निर्धारण करना चाहती है. इस दिशा में मत्स्य पालन से जुड़े छोटे-बड़े किसानों के सुझाव महत्वपूर्ण होंगे. आज के दिन राज्य के मछुआरे किन चुनौतियों से जूझ रहे हैं और उसका कैसे समाधान संभव है, इसका प्रयास किया जा रहा है.. राज्य के करीब 1.70 लाख मत्स्य कृषकों का बीमा कराया गया है. इस मौके पर विशेष सचिव प्रदीप हजारी, मत्स्य निदेशक एचएम द्विवेदी के साथ-साथ 10 जिलों के जिला मत्स्य पदाधिकारी व राज्य के कई जिलों से 50 प्रगतिशील किसान मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajiv kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >