आठ हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ धराया सिल्ली का अमीन

सिल्ली अंचल कार्यालय में कार्यरत अमीन गणेश महतो को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया

सिल्ली. सिल्ली अंचल कार्यालय में गुरुवार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के अधिकारियों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिल्ली अंचल कार्यालय में कार्यरत अमीन गणेश महतो को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया. मिली जानकारी के मुताबिक, अमीन ने जमीन की नापी रिपोर्ट और नक्शा उपलब्ध कराने के बदले घूस की मांग की थी. इसकी शिकायत सिल्ली प्रखंड के लोवादाग निवासी वासुदेव महतो ने एसीबी में दर्ज करायी थी. बताया गया कि वासुदेव ने 16 दिसंबर 2025 को जमीन नापी के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया था. 10 फरवरी 2026 को भूमि की नापी की गयी. इसके बाद अमीन ने कथित तौर पर रिपोर्ट और नक्शा जारी करने के एवज में 12500 रुपए रिश्वत की मांग की. जिस पर 8000 रुपए में मामला तय हुआ. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया. जांच में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई. इसके बाद एसीबी की टीम ने जाल बिछाया और अमीन को घूस की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया. अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के भ्रष्टाचार में यहां के प्राइवेट अमीन भी शामिल हैं, जो आज बच गये. हमारी नजर यहां के प्राइवेट अमीनों सहित अन्य बिचौलियों पर भी है. एक अनुमान के मुताबिक सिल्ली प्रखंड सह अंचल कार्यालय में दर्जन भर बिचौलिए सक्रिय हैं. एसीबी की इस कार्रवाई के बाद सिल्ली प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है. एसीबी की टीम सिल्ली थाना में जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अमीन गणेश महतो को अपने साथ ले गयी. उसकी जब्त मोटर साइकिल थाना को सुपुर्द कर दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VISHNU GIRI

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >