लापता अदिति के मामले में झारखंड के राज्यपाल का एक्शन, मुख्य सचिव को दिया जल्द ढूंढने का निर्देश

Aditi Pandey Case: रांची के कोकर से 9 मई से लापता 22 माह की बच्ची अदिति पांडेय का 27 दिन बाद भी सुराग नहीं मिलने पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने चिंता जताई है. राज्यपाल ने गुरुवार को पीड़ित माता-पिता से मुलाकात के बाद मुख्य सचिव अविनाश कुमार को फोन कर बच्ची की शीघ्र खोजबीन के निर्देश दिए हैं. पूरी रिपोर्ट पढ़ें.

रांची से संजीव सिंह की रिपोर्ट

Aditi Pandey Case, रांची: कोकर स्थित खोरहाटोली से लापता 22 महीने की मासूम बच्ची अदिति पांडेय का 27 दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है. इस मामले को लेकर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गहरी चिंता व्यक्त की है. गुरुवार को लापता बच्ची के माता-पिता ने राज्यपाल से मुलाकात कर अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी के लिए गुहार लगाई, जिसके बाद राज्यपाल ने राज्य के मुख्य सचिव को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.

राज्यपाल से मिलकर माता-पिता ने लगाई न्याय की गुहार

गुरुवार को अदिति के पिता मनीष पांडेय और माता अंजिता पांडेय ने राजभवन (लोकभवन) में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की. उन्होंने राज्यपाल को बताया कि एक महीने से अधिक का समय बीतने को है, लेकिन पुलिस अब तक उनकी बच्ची को ढूंढ़ने में नाकाम रही है. पीड़ित माता-पिता ने बच्ची की शीघ्र खोजबीन के लिए राज्यपाल से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया. राज्यपाल ने उनकी दर्दभरी दास्तां को बेहद गंभीरता से सुना.

Also Read: रिश्वतखोरी के मामले में 48 दिनों तक सोता रहा जल संसाधन विभाग, बेल मिलने पर दो इंजीनियरों को किया सस्पेंड

राज्यपाल ने मुख्य सचिव को फोन पर दिए निर्देश

मासूम बच्ची के लापता होने की इस गंभीर घटना पर चिंता जताते हुए राज्यपाल ने तत्काल राजभवन से ही राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार से दूरभाष (फोन) पर बात की. उन्होंने मुख्य सचिव को इस संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और पुलिस प्रशासन को पूरी ताकत झोंककर अदिति की शीघ्र खोजबीन कराने का कड़ा निर्देश दिया.

9 मई से लापता है अदिति, नाले में भी चला सर्च ऑपरेशन

गौरतलब है कि 22 महीने की अदिति पांडेय बीते 9 मई 2026 को अपने घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गयी थी. स्थानीय पुलिस ने उसे ढूंढ़ने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की भी मदद ली. एनडीआरएफ की टीम ने घर के बाहर बह रहे बड़े नाले में भी सघन खोजबीन अभियान चलाया, लेकिन बच्ची का कुछ पता नहीं चला. हालांकि, नाले की जांच के दौरान एक हड्डी बरामद हुई जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया, लेकिन अब तक उसकी रिपोर्ट नहीं आ सकी है. पुलिस और परिजनों की ओर से बच्ची का सुराग देने वाले को उचित इनाम देने की भी पेशकश की गयी है.

Also Read: रांची में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, कार से घूम रहे 3 अपराधी पिस्टल और कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >