पटना ब्लास्ट में खुलासा: नरेंद्र मोदी पर हमले के लिए रांची में किया था रिहर्सल

रांची : इंडियन मुजाहिदीन (आइएम) के आतंकी 27 अक्तूबर 2013 को पटना के गांधी मैदान में आयोजित भाजपा की रैली में नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने की योजना में थे. नेशनल इंवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआइए) ने आइएम के गिरफ्तार आतंकी हैदर के खिलाफ कोर्ट में चाजर्शीट दाखिल कर दी है. समाचार चैनल इंडिया टीवी के अनुसार, […]

रांची : इंडियन मुजाहिदीन (आइएम) के आतंकी 27 अक्तूबर 2013 को पटना के गांधी मैदान में आयोजित भाजपा की रैली में नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने की योजना में थे. नेशनल इंवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआइए) ने आइएम के गिरफ्तार आतंकी हैदर के खिलाफ कोर्ट में चाजर्शीट दाखिल कर दी है.
समाचार चैनल इंडिया टीवी के अनुसार, हैदर ने एनआइए को बताया कि नरेंद्र मोदी पर हमले के लिए आत्मघाती हमलावर भेजने की तैयारी थी. हमलावर को विस्फोटक से भरा जैकेट पहना कर भेजने की योजना थी.
इसके लिए रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो गांव के निकट जंगल में रिहर्सल भी किया गया था. इसके तहत खजूर के पेड़ में पुतला लटका कर उसे जैकेट पहना कर विस्फोट किया गया था. हालांकि रिहर्सल के दौरान किये गये विस्फोट की क्षमता कम थी. आतंकी हैदर ने इसके लिए उमर सिद्दीकी से दो आदमी को तैयार करने को कहा था.
अफरा-तफरी का फायदा उठाना चाहते थे : आतंकी हैदर रांची का रहनेवाला है. पटना ब्लास्ट के बाद एनआइए ने उसे गिरफ्तार किया था. हैदर के साथी इम्तियाज ने भी इससे पहले एनआइए को बताया था कि हमले में निशाने पर नरेंद्र मोदी थे. योजना थी कि गांधी मैदान में सीरियल ब्लास्ट कर अफरा-तफरी का माहौल बनाया जाये. इसका फायदा उठा कर आत्मघाती हमलावर को मंच के पास पहुंचाया जायेगा. जब नरेंद्र मोदी को मंच से नीचे उतारा जाता, तो हमलावर उनके पास पहुंच कर खुद को उड़ा देता.
इस घटना के कुछ ही दिन पहले भाजपा ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री उम्मीदवार के रूप में प्रोजेक्ट किया था.
रांची के रहनेवाले हैं अधिकतर आतंकी
पटना ब्लास्ट के सिलसिले में गिरफ्तार अधिकतर आतंकी रांची के ही रहनेवाले हैं. घटना के बाद एनआइए और रांची पुलिस ने हिंदपीढ़ी के इरम लॉज से बड़ी मात्र में टाइमर बम बरामद किया था. लॉज से पुलिस को धार्मिक स्थलों का नक्शा भी मिला था. जांच में यह भी पता चला था कि आइएम के आतंकी रांची को शरणस्थली के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >