बुढ़मू प्रखंड से अलग होने के 16 साल बाद भी कई विभाग चल रहे प्रभार में
खलारी. खलारी प्रखंड की स्थापना की 16वीं वर्षगांठ शनिवार को है. बुढ़मू से अलग होकर 22 फरवरी 2009 को खलारी प्रखंड अस्तित्व में आया था. 16 साल के बाद भी खलारी प्रखंड बुढ़मू से पूरी तरह स्वतंत्र नहीं हो पाया है. आज भी खलारी प्रखंड के कई विभाग प्रभार में चल रहे हैं. प्रखंड स्तरीय कई पदाधिकारियों की पदस्थापना खलारी में नहीं है. पंचायती राज, आपूर्ति विभाग, कल्याण विभाग, कृषि विभाग जैसे कई महत्वपूर्ण विभाग प्रभार में चल रहे हैं. कई पदाधिकारी तो ऐसे हैं जिन्हें दो-दो प्रखंड का प्रभार में मिला है. सीडीपीओ, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सा प्रभारी सहित कई पद का सृजन ही नहीं हुआ है. संबंधित विभाग की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारी उपलब्ध नहीं होते हैं, जिससे ग्रामीणों का काम नहीं हो पाता है. खलारी को अब अनुमंडल बनाने की मांग उठने लगी है. इधर, बीडीओ संतोष कुमार ने कहा कि 16वीं वर्षगांठ पर उत्सव मनाया जायेगा. उन्होंने क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मीडिया कर्मियों सहित आम जनता को उत्सव में भाग लेने के लिए शनिवार की दोपहर एक बजे आमंत्रित किया है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
