रांची : झारखंड विधानसभा की ओर से विधायकों को संसदीय विषय की जानकारी देने को लेकर प्रबंधन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. प्रशिक्षण कार्यक्रम 11-12 फरवरी को प्रोजेक्ट भवन सभागार में आयोजित होगा. स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि विधायकों को संसदीय विशेषाधिकार, सदन में जन सरोकार के मुद्दे उठाने के अवसर, विधायी एवं वित्तीय कार्य, प्रत्यायुक्त विधान, समिति व्यवस्था, वित्तीय एवं अन्य विधायी कार्य, प्रभावी विधायिका, विधायिका एवं विधायक के समक्ष चुनौतियों विषय पर जानकारी दी जायेगी.
प्रशिक्षण शिविर में संविधान विशेषज्ञ लोकसभा के पूर्व महासचिव जीसी मल्होत्रा, राज्यसभा के पूर्व अपर सचिव एनके सिंह, लेजिस्लेटिव कार्यों के संचालक चक्षु राय विषयवस्तु पर अपने विचार रखेंगे.
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे व अध्यक्षता स्पीकर रवींद्रनाथ महतो करेंगे. 12 फरवरी को राज्यसभा के उप सभापति हरिवंश मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे. श्री हरिवंश विधायिका एवं विधायक की वर्तमान स्थिति, भविष्य की संभावनाएं एवं चुनौतियां, सदन में जन सरोकार के मुद्दे उठाने के विषय पर विचार रखेंगे. स्पीकर ने कहा कि प्रबोधन कार्यक्रम नव गठित विधानसभा के लिए एक पारंपरिक अवसर होता है. इसका अधिक से अधिक लाभ उठाने के उद्देश्य संविधान विशेषज्ञ को आमंत्रित किया गया है. कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए सभी मंत्रियों व विधायकों को आमंत्रित किया गया है.
पत्रकार के निधन पर दो मिनट का मौन : वरिष्ठ पत्रकार सतीश वर्मा के निधन पर स्पीकर कार्यालय में प्रेसवार्ता के बाद दो मिनट का मौन रखा गया. मौके पर स्पीकर रवींद्रनाथ महतो के अलावा प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधि व विधानसभा के कर्मी मौजूद थे.
संसदीय विषय पर विधायकों का प्रबोधन सह प्रशिक्षण कार्यक्रम 11-12 फरवरी को
झाविमो के पत्र पर संविधान विशेषज्ञों से ली जायेगी राय
झाविमो की ओर से विधानसभा को सौंपे गये पत्र के सवाल पर स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि इस मुद्दे पर संविधान विशेषज्ञों से राय ली जायेगी. इसके बाद ही कोई निर्णय लिया जायेगा. झाविमो ने पत्र भेज कर विधायक प्रदीप यादव को विधायक दल के नेता पद से मुक्त करने का आग्रह किया है. कहा गया है कि इन्हें पार्टी विरोधी गतिविधि में शामिल होने के कारण पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है. बजट सत्र के संबंध में पूछे जाने पर स्पीकर ने कहा कि सत्र 27 फरवरी से संभावित है. अभी यह तय नहीं हो पाया है कि सत्र नये विधानसभा भवन में होगा या पुराने विधानसभा भवन में.
