माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने जारी किया दिशा-निर्देश
रांची : राज्य के गैर सरकारी 186 मदरसाें की जांच होगी. माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी कर दिया गया है.
मदरसों के सत्यापन के लिए तीन कमेटी बनायी गयी है. चार व पांच जनवरी को संबंधित मदरसा के अध्यक्ष/सचिव को आवश्यक कागजात के साथ कमेटी के समक्ष उपस्थित होने को कहा गया है. मदरसों के कागजात सत्यापन में झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) के सदस्य भी शामिल होंगे. इस संबंध में भी माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा पत्र जारी कर दिया गया है. जैक की ओर से मो कैशर प्रभारी, मो राशिद अशरफ, मो कासिफ कमर को नामित किया गया है. तीनों सदस्यों को निर्देश दिया गया है कि वे जांच के दौरान तय कमेटी के साथ रहे.
पहले भी हुई थी मदरसों की जांच : मदरसों की जांच दो वर्ष पहले भी करायी गयी थी. कई मदरसों की जांच रिपोर्ट में उपायुक्त व शिक्षा पदाधिकारी द्वारा भेजी गयी रिपोर्ट में एकरूपता नहीं थी. इस कारण स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग ने मदरसों का फिर से सत्यापन कराने का निर्णय लिया है. जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
अनुदान की कर रहे मांग : मदरसा टीचर्स एसोसिएशन अनुदान की मांग रह रहे हैं. पूर्व में हुई जांच के बाद 100 से अधिक मदरसों का अनुदान रोक दिया गया था. जांच के बाद 186 मदरसाें में से 69 को अनुदान दिया गया था.
मदरसा के अध्यक्ष/सचिव को आवश्यक कागजात के साथ उपस्थित होने को कहा गया
कौन-कौन होंगे कमेटी में, कहां होगी जांच
रांची, गुमला, पलामू, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, दुमका, देवघर एवं जामताड़ा जिला में कुल 49 मदरसे हैं. इनके कागजात का सत्यापन स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के सभागार में होगा.
इन जिलों के मदरसों की जांच के लिए बनी कमेटी का अध्यक्ष स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के संयुक्त सचिव मनोज जायसवाल को बनाया गया है. अवर सचिव ब्रह्मदेव मोदी व दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक कमेटी के सदस्य होंगे.
गोड्डा जिला के 67 मदरसाें के कागजात का सत्यापन गोड्डा जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में होगा. इनकी जांच के लिए बनी कमेटी का अध्यक्ष स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के विशेष सचिव भीष्म कुमार को बनाया गया है. कमेटी में पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक व स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के अवर सचिव ओम प्रकाश तिवारी को सदस्य बनाया गया है.
साहेबगंज व पाकुड़ जिला के 70 मदरसों के कागजात का सत्यापन साहेबगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में किया जायेगा. दोनों जिला के मदरसों की जांच के लिए बनी कमेटी का अध्यक्ष स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के उपसचिव असीम किस्पोट्टा को बनाया गया है. अवर सचिव उपेंद्र कुमार सिन्हा व संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उप शिक्षा निदेशक को कमेटी का सदस्य बनाया गया है.
