मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बनी है कमेटी
रांची : राज्य स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हर सप्ताह हो रही है. मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बनी कमेटी जनहित से संबंधित अति आवश्यक कार्यों के मामलों में निर्णय लेकर प्रस्ताव निर्वाचन आयोग को भेज रही है.
इस पर अंतिम निर्णय निर्वाचन आयोग लेगा. इसके बाद ही यह लागू हो सकेगा. कमेटी विभिन्न विभागों के वैसे कार्यों पर निर्णय ले रही है, जो निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान भी कराया जाना अति आवश्यक है.
राज्य सरकार द्वारा विभिन्न विभागों को यह निर्देश दिया गया है कि वे अपने प्रस्ताव सीधे निर्वाचन आयोग में न भेज कर स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष रखें. निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ही यह राज्य स्तरीय स्क्रीनिंग कमेटी गठित की गयी है. निर्वाचन आयोग ने पिछले कई चुनावों में ऐसा महसूस किया था कि राज्य सरकार के विभागों के प्रस्ताव सीधे आयोग को भेजे जाने से पहले राज्य सरकार के स्तर पर इसकी समेकित समीक्षा होनी चाहिए. इसके बाद ही स्क्रीनिंग कमेटी गठित करने का निर्देश आयोग ने दिया था. कमेटी के अध्यक्ष मुख्य सचिव, सदस्य मंत्रिमंडल सचिवालय व निगरानी के सचिव तथा संबंधित विभाग (जिसका प्रस्ताव हो) के अपर मुख्य सचिव-प्रधान सचिव या सचिव हैं. यह कमेटी आयोग द्वारा जारी किये गये आदर्श आचार संहिता के अनुदेशों के आलोक में समीक्षा करती है. लोकसभा चुनाव 2019 के दौरान भी यह कमेटी कार्यरत थी.
