रांची : सुजाता चौक के पास नाली का पानी सड़क पर बहने से राहगीरों व वाहन चालकों को हो रही परेशानी से निजात दिलाने के लिए बुधवार को नगर निगम के अधिकारी रेस हुए. सुबह में निगम के उप नगर आयुक्त शंकर यादव सुजाता चौक पहुंचे.
उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जब तक इस नाली के पानी की निकासी का स्थायी समाधान नहीं हो जाता है, तब तक कर्मचारी डिसिल्टिंग मशीन से नाली के पानी को खींच कर टंकी में लोड करें. दिन भर में पांच बार बारी-बारी से नाली में जमे पानी को निकाला गया. ज्ञात हो कि बुधवार को प्रभात खबर में ‘सुजाता चौक के पास सड़क पर बह रहा नाली का पानी, दुर्गंध से लोग परेशान’ हेडिंग से खबर प्रकाशित हुई थी. इसके बाद नगर निगम के अधिकारी हरकत में आये.
नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश : चौक पर जलजमाव न हो, इसके लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा यहां नाली बनाया जा रहा है. निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए नगर आयुक्त ने विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र लिखा है.
यहां फंस रहा है मामला : सुजाता चौक के समीप से गुजरनेवाले नाले को गोस्सनर काॅलेज के समीप के नाले से जोड़ा जाना है. पर, सुजाता चौक से गोस्सनर कॉलेज की ओर जाने पर यह सड़क ऊंची हो जा रही है. ऐसे में अभियंताओं को यह लग रहा है कि अगर नाले को बहुत गहरा करके नहीं बनाया गया, तो जलजमाव की समस्या से निजात नहीं मिलेगी.
