अव्यवस्था. अब भी कई जलाशयों में गंदगी पसरी है, अर्घ्य देने में हो सकती है परेशानी
महापर्व छठ का पहला अर्घ्य दो नवंबर (शनिवार) को है. व्रतियों को छठ घाटों पर अर्घ्य देने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए नगर निगम ने तालाबों की साफ-सफाई को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है. हालांकि अभी तक शहर के ज्यादातर तालाबों में गंदगी पसरी है. कहीं मूर्तियों के ढेर के साथ कचरे का अंबार लगा हुआ है, तो कहीं पर तालाब का पानी बदबू मार रहा है. कई ऐसे भी तालाब हैं, जहां पानी बहुत कम है. ऐसे में व्रतियों को अर्घ्य देने में परेशानी हो सकती है. इधर, कांके डैम व हटनिया तालाब में वीवीआइपी लोगों के आगमन की संभावना को देखते हुए चाक-चौबंद सफाई व्यवस्था की गयी है. पेश है रिपोर्ट…
बड़ा तालाब में छठ के दौरान हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन इस तालाब का हाल बुरा है. पूरा तालाब जलकुंभी से भरा हुआ है. जलकुंभी निकालने के लिए यहां 50 से अधिक सफाई कर्मियों को लगाया गया. तालाब का पानी दूषित होने के कारण बदबू भी मार रहा है. छठ घाटों पर अब भी गंदगी पसरी हुई है.
लाइन टैंक तालाब का पानी दूषित होने के कारण दो दिन पहले यहां हजारों मछलियां मर गयी थीं. अभी तक मरी हुई मछलियों को तालाब से निकाला नहीं गया है. इस कारण पानी से बदबू आ रही है. स्थानीय पूजा समिति द्वारा तालाब के पानी को साफ करने के लिए इसमें हजारों लीटर गंगा जल प्रवाहित करने की योजना है.
कोकर स्थित तिरिल तालाब में पानी बहुत ही कम है. सिर्फ तालाब के बीच में पानी बचा है. ऐसे में व्रतियों को अर्घ्य देने में दिक्कत हो सकती है. तालाब के घाटों की सफाई नगर निगम द्वारा करायी तो गयी है, लेकिन पानी इतना गंदा है कि पूरी तरह हरा दिख रहा है. साथ ही बदबू भी मार रहा है. यहां अर्घ्य देने हजारों लोगों की भीड़ उमड़ती है.
कांके डैम में बने छठ घाटों पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु अर्घ्य देने के लिए आते हैं. इनमें काफी संख्या वीवीआइपी भी होते हैं. इस कारण यहां की सफाई व्यवस्था चाक-चौबंद है. निगम के कर्मचारी बुधवार को भी यहां साफ-सफाई में जुटे थे. लोगों ने यहां घाट पर अपना नाम भी लिख दिया है.
मेयर-डिप्टी मेयर ने किया कांके डैम का निरीक्षण
रांची. मेयर आशा लकड़ा व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने बुधवार को कांके डैम का निरीक्षण किया. यहां छठ घाट की सफाई से मेयर व डिप्टी मेयर संतुष्ट दिखे. मेयर ने छठ घाट जाने वाली सड़क को साफ करने और लाइट की उचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया. वहीं डिप्टी मेयर ने पानी से आ रहे दुर्गंध से बचाव के लिए सीढ़ियों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करने का निर्देश दिया. गुरुवार को भी नगर विकास मंत्री सीपी सिंह के साथ मेयर व डिप्टी मेयर शहर के तालाबों का निरीक्षण करने निकलेंगे.
