झारखंड को मिले 2504 नये दारोगा में से 510 इंजीनियर

मजबूत होगा पुलिस का तकनीकी पक्ष रांची : झारखंड पुलिस मुख्यालय काफी दिनों से प्रयास में था कि विधि-व्यवस्था और अनुसंधान की टीम थाना स्तर पर अलग-अलग हो. यह प्रयास अब कामयाब होता दिख रहा है, क्योंकि झारखंड पुलिस को 2504 नये दारोगा मिल गये हैं. खास बात यह है कि इनमें से 501 बीटेक […]

मजबूत होगा पुलिस का तकनीकी पक्ष
रांची : झारखंड पुलिस मुख्यालय काफी दिनों से प्रयास में था कि विधि-व्यवस्था और अनुसंधान की टीम थाना स्तर पर अलग-अलग हो. यह प्रयास अब कामयाब होता दिख रहा है, क्योंकि झारखंड पुलिस को 2504 नये दारोगा मिल गये हैं. खास बात यह है कि इनमें से 501 बीटेक और 09 एमटेक हैं. जबकि 39 बीसीए, 14 बीएससी आइटी, 683 बीएससी और 26 एमएससी पास है.
यानी साइंस के विभिन्न श्रेणी से योग्यता हासिल करनेवाले दारोगा 1272 हैं. यह झारखंड पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि कही जायेगी, क्योंकि तकनीकी साक्ष्य एकत्रित करने, साइबर क्राइम के मामलों का खुलासा करने, खुफिया जानकारी एकत्र करने और अन्य तकनीकी मोर्चे पर झारखंड पुलिस को काफी सहूलियत होगी. इसके अलावा 2504 दारोगा में 209 महिलाएं हैं.
एडीजी प्रशिक्षण अनिल पाल्टा ने बताया कि 2504 दारोगा को एक वर्ष तक 19 इंडोर और 07 आउटडोर ट्रेनिंग विशेषज्ञों की देखरेख में दी गयी है. गौरतलब है कि पूर्व में झारखंड पुलिस में आरक्षी के छह हजार पदों को सरेंडर कर उनके स्थान पर छह हजार नये दारोगा का पद सृजित किया गया था. इसमें से 2504 दारोगा की बहाली कर ली गयी है. बतौर प्रशिक्षु अब वे विभिन्न जिलों में अपनी सेवा अगले एक साल तक देंगे. इसके बाद उनकी विभिन्न जिलों में स्थायी तौर पर पोस्टिंग कर दी जायेगी. इससे करीब छह माह पूर्व 48 सार्जेंट की बहाली की गयी थी.
19 इंडोर और 07 आउटडोर की मिली है ट्रेनिंग
2504 दारोगा को एक वर्ष तक 19 इंडोर ट्रेनिंग दी गयी है. इसमें बेहतर अनुसंधान, मैनेजमेंट, तकनीकी साक्ष्य संग्रह, साइबर क्राइम डिटेक्शन, लॉ, ह्यूमन बिहेवियर, थाने का रिकॉर्ड संग्रह, नक्सल केसों का अनुसंधान, विधि व्यवस्था आदि शामिल है. इसके अलावा सात आउटडोर प्रशिक्षण दिये गये हैं.
इसमें विभिन्न हथियारों से फायरिंग, जंगल में नक्सल अभियान की ट्रेनिंग, पीटी, हथियार ड्रिल आदि का प्रशिक्षण शामिल है. इनको प्रशिक्षित करने के लिए झारखंड पुलिस के रिटायर्ड इंस्पेक्टर से लेकर डीआइजी रैंक के अफसरों के अलावा रिटायर्ड जज, एपीपी, बीएसएफ, मैनेजमेंट, साइबर क्राइम के विशेषज्ञों को लगाया गया था.
किस राज्य से कितने आये
झारखंड 2021
बिहार 419
उत्तरप्रदेश 48
प. बंगाल 07
हरियाणा, छत्तीसगढ़ आदि राज्यों के 09
कहां कितनी तैनाती
विशेष शाखा 450
रांची जिला 260
जमशेदपुर 200
अन्य जिलों में 1594
2504 दारोगा की सीधी नियुक्ति राज्य की उपलब्धि
हजारीबाग : झारखंड पुलिस एकेडमी हजारीबाग में बुधवार को आयोजित पारण परेड में 1170 प्रशिक्षु दारोगा ने शामिल होकर देश सेवा की शपथ ली. इनमें 72 महिला दारोगा शामिल थीं. इस दौरान मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री रघुवर दास व एकेडमी के निदेशक कंदसामी ने परेड का निरीक्षण कर सलामी ली. नये दारोगा को देश सेवा की शपथ दिलायी गयी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 2504 दारोगा व 48 सार्जेंट की सीधी नियुक्ति राज्य की उपलब्धि है. डीजीपी केएन चौबे ने कहा कि विभाग के पास पर्याप्त संसाधन हैं. प्रशिक्षु दारोगा विभिन्न जिलों में जाकर सेवा देंगे. जेपीए के निदेशक सह आइजी टी कंदसामी ने कहा कि अवर निरीक्षकों को अपराध जगत से मिलनेवाली चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए पारंगत किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >