जिला पुलिस के दशहरा तक सुरक्षा देने में असमर्थता जताने के बाद विवि प्रशासन ने बैठक की
छात्र संघ चुनाव स्थगित करने या तिथि बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श
रांची : जिला पुलिस व प्रशासन के द्वारा रांची विवि छात्र संघ चुनाव में सुरक्षा देने में असमर्थता जताये जाने के बाद रांची विवि के कुलपति डॉ रमेश कुमार पांडेय ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की.
बैठक में कुलपति ने अधिकारियों को बताया कि जिला पुलिस व प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वह चुनाव के मद्देनजर छात्रों के बीच आये दिन हो रही मारपीट, करमा पूजा, मुहर्रम और वीवीआइपी मूवमेंट के कारण दशहरा तक पुलिस बल देने में असमर्थ हैं. जिला प्रशासन ने मारवाड़ी कॉलेज में हाल में हुई घटना का जिक्र करते हुए छात्र संघ चुनाव दशहरा के बाद कराने के लिए पुनर्विचार करनेका आग्रह किया है. कुलपति ने कहा कि चुनाव में सुरक्षा आवश्यक है. इस पर अधिकारियों ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया चल रही है.
जिला प्रशासन और पुलिस के आग्रह पर राजभवन व उच्च शिक्षा के प्रधान सचिव से बातकर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया जाये. साथ ही इस बाबत दिशा-निर्देश मांगा जाये. अगर सुरक्षा नहीं मिल पाती है, तो चुनाव प्रक्रिया फिलहाल जारी रखने पर फिर से विचार किया जा सकता है. बैठक में राजभवन व उच्च शिक्षा विभाग से दिशा-निर्देश लेने के लिए कुलपति को अधिकृत किया गया.
बैठक में प्रतिकुलपति डॉ कामिनी कुमार, एस मुखोपाध्याय, कुलसचिव डॉ अमर कुमार चौधरी, डीएसडब्ल्यू डॉ पीके वर्मा, सीसीडीसी डॉ गिरजा शंकर शाहदेव, परीक्षा नियंत्रक डॉ राजेश कुमार, वित्त पदाधिकारी केके वर्मा, डॉ प्रीतम कुमार, डॉ पीके सिंह और डॉ पीके झा आदि उपस्थित थे.
