रांची : विशेष शाखा आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा रविवार को राज्य के 267 केंद्रों पर हुई. इसे लेकर 12 जिलों में परीक्षा केंद्र बनाये गये थे. राजधानी में 72 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक परीक्षा हुई. राजधानी में 35000 अभ्यर्थियों ने नियुक्ति परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन जमा किये थे.
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा रांची के अलावा जमशेदपुर, चाईबासा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, लोहरदगा, खूंटी, दुमका, लोहरदगा, पलामू एवं देवघर में परीक्षा केंद्र बनाये गये थे. परीक्षा दो पालियों में हुई. प्रथम पाली में गणित, सामान्य ज्ञान, सामान्य विज्ञान, हिंदी और अंग्रेजी विषय से कुल 175 प्रश्न पूछे गये थे.
एक प्रश्न के लिए दो अंक निर्धारित किया गया था, जबकि प्रत्येक एक गलती पर 0.66 अंक काटने का प्रावधान था. दूसरी पाली में भाषा की परीक्षा हुई. कुल 50 प्रश्न पूछे गये थे. सामान्य ज्ञान में झारखंड से जुड़े 16 प्रश्न पूछे गये थे. परीक्षार्थियों ने बताया कि सामान्य ज्ञान, सामान्य विज्ञान और हिंदी के प्रश्न ठीक थेस जबकि गणित और अंग्रेजी के प्रश्न कठिन थे.
सवाल में गलत शब्दों का किया गया प्रयोग
जानकारी के अनुसार प्रश्न संख्या 73 में पूछा गया था कि लोकतक झील है, जबकि जानकार लोगों का कहना है कि सही नाम लोेकताल झील होना चाहिए. हिंदी की परीक्षा में दुकान को दूकान लिखा गया था. परीक्षा राज्यभर में शांति पूर्वक हुई.
