रांची : जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने कहा कि झारखंड बने 19 वर्ष हो चुके हैं. पक्ष-विपक्ष के तौर पर झामुमो व भाजपा ने बारी-बारी से शासन किया. मगर झारखंड की आदिवासी-मूलवासी जनता को अपने सपनों का झारखंड अब तक नहीं मिल पाया है.
जनता को यहां स्वच्छ व सशक्त विकल्प की तलाश है, जो जदयू ही दे सकता है. नीतीश मॉडल के पांच मंत्र सुशासन, न्याय के साथ विकास, महिला सशक्तीकरण, शराबबंदी व जनकल्याण से झारखंड बदलेगा. श्री मुर्मू शनिवार को राजधानी रांची में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन व हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झामुमो की चार बार सरकार बनी, लेकिन वे झारखंड की भाषा व संस्कृति बचाने में असमर्थ रहे. सीएनटी व एसपीटी कानून को खुद तोड़ा. सरना कोड के लिए कुछ नहीं कहा. इसी प्रकार भाजपा बड़े पूंजीपतियों और उद्योगपतियों के लिए जबरन जमीन अधिग्रहण कर झारखंडी जनता को पलायन के लिए मजबूर कर रही है.
भाजपा आरक्षण विरोधी है. जहां जदयू बिहार व देश में शराबबंदी के लिए सक्रिय है. वहीं भाजपा पूरे झारखंड में शराब दुकान खोल रही है, जो जनविरोधी व निंदनीय है. मौके पर जदयू के प्रदेश प्रभारी रामसेवक सिंह, सह प्रभारी अरुण सिंह, भगवान सिंह, कृष्णानंद मिश्र, श्रवण कुमार, आफताब जमील, संजय सहाय समेत कई नेता मौजूद थे.
