रांची : लातेहार की उदयपुरा गांव की निवासी सुनीता उरांव (स्वच्छता अभियान के लिए राष्ट्रपति से सम्मानित) की सात वर्षीय बच्ची के दिल में छेद है. सुनीता ने उसे रायपुर स्थित सत्य साईं अस्पताल में दिखाया. वहां से उसे दवाइयां मिली हैं. साथ ही अत्यधिक भीड़ की वजह से डॉक्टरों ने बच्ची के ऑपरेशन के लिए एक साल बाद का समय दिया है.
सुनीता ने कहा कि वह बच्ची को दवाई तो दे रही है, पर उसकी हालात दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है. सुनीता ने कहा कि बच्ची का ऑपरेशन शीघ्र नहीं हुआ तो उसकी हालत और खराब हो जायेगी. सुनीता ने मुख्यमंत्री रघुवर दास से मुलाकात करने की कोशिश की. मुख्यमंत्री कार्यालय में उससे आवेदन तो ले लिया गया, लेकिन मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं हो पायी. गौरतलब है कि सुनीता उरांव ने लातेहार में स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय काम किया है. उसे राष्ट्रपति के द्वारा सम्मानित भी किया गया है.
वज्रपात से हुई थी मौत मिला चार लाख का चेक
रांची़ उपायुक्त राय महिमापत रे ने सोमवार को वज्रपात से मृत अंकित कुमार के पिता रामजीत महतो को चार लाख का चेक सौंपा. इस दौरान उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि अगर किसी व्यक्ति की मृत्यु वज्रपात से होती है तो उनके परिजनों को अविलंब मुआवजा राशि उपलब्ध करायी जाये.
