रांची : तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन की यूनिट नंबर एक ठप हो गयी. इस कारण रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बिजली संकट गहरा गया है. तेनुघाट की एक यूनिट बंद होने से 160 मेगावाट बिजली की कमी हो गयी है, इसलिए रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, लातेहार, खूंटी, चतरा आदि जिलों में लोड शेडिंग कर आपूर्ति की जा रही थी.
इधर, दिनभर हुई बारिश के कारण भी जगह-जगह घंटों बिजली गुल थी. तेनुघाट की यूनिट नंबर दो से 167 मेगावाट, इनलैंड से 53 मेगावाट, सीपीपी से 24 मेगावाट, सेंट्रल पूल से 446 मेगावाट बिजली मिल रही थी. कुल बिजली 687 मेगावाट ही उपलब्ध थी. बताया गया कि बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली बाधित थी. जिसके चलते बिजली की मांग 1100 मेगावाट से घटकर 741 मेगावाट ही की थी. बिजली निगम का दावा है कि राज्य में कहीं भी लोड शेडिंग नहीं किया गया.
जबकि जानकार कहते हैं कि कई जगह तार टूटे हैं, कई इलाकों खासकर ग्रामीण इलाकों में बिजली ही नहीं है, तो मांग कहां से आयेगी. टीवीएनएल के एमजी एके सिन्हा ने बताया कि तेनुघाट की एक यूनिट से ट्यूब लीकेज हुआ है. एक से दो दिनों में रिपेयरिंग कर इसे चालू कर लिया जायेगा.
33 केवी लाइन ब्रेकडाउन
33 केवी लाइन ब्रेकडाउन होने के कारण आइटीआइ सब स्टेशन के सभी फीडरों से मंगलवार को दिन के करीब तीन बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गयी.
इस कारण आइटीआइ सब स्टेशन से संबंधित इटकी रोड, आइटीआइ बस स्टैंड के आसपास के इलाके, बजरा, कटहल मोड़, पंडरा, पंचशील नगर, सर्ड के आसपास के इलाके, राजेंद्र नगर, पिस्का मोड़, दयालनगर, साईं विहार, इंद्रपुरी, देवी मंडप रोड आदि इलाकों में करीब डेढ़ घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही. वहीं, राजभवन सब स्टेशन के सभी फीडरों से मंगलवार को भी सुबह से दिन के एक बजे तक लोड शेडिंग कर बिजली की आपूर्ति की गयी.
इस कारण पहाड़ी मंदिर के आसपास के इलाके, चूना भट्ठा, मधुकम, रातू रोड कब्रिस्तान के आसपास के इलाके, लाहकोठी, रामविलास पेट्रोल पंप के आसपास के इलाके, लाहकोठी, आर्यपुरी, रातू रोड चौक, हरमू रोड, गौशाला, रेडियम रोड, कचहरी चौक, अपर बाजार, महावीर चौक, कांके रोड, गांधी नगर तथा इसके आसपास के इलाकों में बिजली की आंख-मिचौली का सिलसिला लगा रहा. अरगोड़ा तथा इसके आसपास के इलाकों में भी मंगलवार को दिन में काफी देर तक बिजली गुल रही.
इसके अलावा भी मंगलवार को शहर के कई अन्य इलाकों में अनियमित बिजली की आपूर्ति की गयी. टाटीसिलवे में सुबह छह बजे से ही बिजली गुल थी.
