रांची : अवैध रूप से चल रहे ई-रिक्शा पर कार्रवाई को लेकर मंगलवार को कचहरी चौक पर नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम व चौक पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवान से भिड़ गये़ चौक पर तैनात ट्रैफिक के जवानों ने इस दौरान निगम की टीम से कहा कि वे बतायें कि किस हैसियत से वर्दी पहन कर ई-रिक्शा की जांच करते हैं.
जबकि वाहन जांच करने का अधिकार केवल ट्रैफिक पुलिस को है. ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने इस दौरान निगम द्वारा पकड़े गये चार ई-रिक्शा को भी छुड़वा दिया. मामले को बढ़ता देख निगम के वरीय पदाधिकारियों को इसकी सूचना दी गयी.
इसके बाद ट्रैफिक एसपी व ट्रैफिक डीएसपी के साथ निगम के अधिकारियों ने बात की. इसके बाद निगम की टीम अभियान छोड़कर वापस निगम आ गयी. निगम के अफसर व ट्रैफिक के जवानों के बीच उभरे इस विवाद को लेकर अब बुधवार को नगर आयुक्त के साथ ट्रैफिक एसपी बात करेंगे़
चौक पर ही खड़े होते थे एक दर्जन से अधिक ई-रिक्शा : कचहरी चौक पर प्रतिदिन एक दर्जन से अधिक ई-रिक्शा के खड़े होने की शिकायत निगम को प्रतिदिन मिल रही थी.
ई-रिक्शा को बीच सड़क पर ही खड़ा कर सवारियों को चढ़ाने के कारण यहां हर दम जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी. शिकायत की जांच करने मंगलवार को निगम की इंफोर्समेंट टीम कचहरी चौक पहुंची. यहां निगम के वाहन को देख ई-रिक्शा चालक ई-रिक्शा लेकर भागने लगे.
इस पर निगम की टीम के सदस्य ने खदेड़कर एक रिक्शा चालक को डंडे से पिटाई कर दी. फिर निगम की टीम ने चौक पर खड़े ई-रिक्शा को किनारे लगवाया. जब निगम की टीम उनसे जुर्माना वसूलने की तैयारी कर रही थी, तो चौक पर तैनात ट्रैफिक के जवान आकर निगम की टीम से उलझ गये.
ट्रैफिक पुलिस ने कहा : बतायें, किस हैसियत से वाहनों की जांच करते हैं
कचहरी चौक पर ई-रिक्शा चालकों के खड़े होने की शिकायत मिलने पर जांच करने पहुंची थी टीम
इंफोर्समेंट टीम ने जब रिक्शा चालकों को पकड़ा, तो उलझ गये ट्रैफिक पुलिस के जवान
