वाहन चेकिंग के दौरान इंदिरा चौक पास पर पकड़ाया
झरिया : लोकसभा चुनाव को लेकर चल रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान मंगलवार को जिला प्रशासन की फ्लाइंग एस्कॉट टीम व झरिया पुलिस ने झरिया इंदिरा चौक के पास कार संख्या जेएच 10 एच- 0006 से बैग में भरा 11 लाख 95 हजार रुपये जब्त किया. पुलिस रुपये सहित कार व चालक प्रदीप साव को थाना ले गयी.
घटना के बाद मजिस्ट्रेट श्यामलाल मांझी ने इसकी सूचना झरिया सीओ राजेश कुमार को दी. उसके बाद सीओ राजेश कुमार झरिया थाना पहुंचे. सूचना पर धनबाद के सहायक आयकर आयुक्त बिशु मंडल, रामधीन रविदास, रामाधार, सिंदरी डीएसपी प्रमोद कुमार केसरी, झरिया इंस्पेक्टर रणधीर कुमार मामले की छानबीन में जुट गये.
भागा का पंप मालिक है प्रदीप साव
पूछताछ में कार में सवार प्रदीप कुमार साव ने जांच टीम को बताया कि भागा स्थित उनका साव एंड संस के नाम से पेट्रोल पंप है. वह तेल लाने के लिए बैंक में ड्रॉफ्ट बनाने को पैसा जमा करने जा रहे थे, तभी वाहन जांच टीम ने उन्हें पकड़ लिया.
कागजात उपलब्ध नहीं करा पाया व्यवसायी :
सहायक आयकर आयुक्त के नेतृत्व में आइटी टीम के रामधीन रविदास, रामाधार ने सात घंटे तक मामले की जांच पड़ताल की. टीम ने पेट्रोल पंप संचालक प्रदीप कुमार साव से पेट्रोल बिक्री सहित अन्य कागजात की मांग की. हालांकि समाचार लिखे जाने तक पंप संचालक द्वारा टीम को कागजात मुहैया नहीं कराया गया था. जांच टीम को वाहन से जमीन के कई कागजात भी मिले हैं. उसकी जांच पड़ताल की जा रही है. इसके बाद टीम जब्त रकम को लेकर धनबाद चली गयी.
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर होगा मामला दर्ज : झरिया थानेदार रणधीर कुमार ने कहा कि पैसा व वाहन जब्त किया गया है. वरीय पदाधिकारियों के दिशा-निर्देश के बाद ही मामला दर्ज किया जायेगा.
