रांची : 10 मार्च 2019 तक मतदाता सूची में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक रांची के तहत आनेवाले सात विधानसभा क्षेत्रों में कुल 6681 सेवा मतदाता हैं. इनमें 6366 पुरुष और 285 महिला सेवा मतदाताओं की संख्या है. इसके बाद पलामू 3660, गुमला 3299, धनबाद 3118 और हजारीबाग में 2581 सेवा मतदाता हैं. दूसरी ओर पाकुड़ में 196 सेवा मतदाता हैं, जो झारखंड में सबसे कम है. झारखंड में 20 जिलों में सेवा मतदाताओं की संख्या 100 से भी कम है. वहीं, रांची में सबसे ज्यादा 285 महिला सेवा मतदाता हैं. इसके अलावा गुमला 137, बोकारो में 106 व खूंटी में 102 महिला सेवा मतदाताओं की संख्या है.
निर्वाचक नामवली में कैसे दर्ज करा सकते हैं नाम
इलेक्ट्रोल रोल मैनेजमेंट सिस्टम के तहत निर्वाचक नामवली में सशस्त्र बल के कर्मी फॉर्म-2, दूसरे राज्यों में सेवा दे रहे राज्य पुलिस बल के लिए फॉर्म-2 A, केंद्र सरकार के वैसे कर्मी जो देश के बाहर प्रतिनियुक्त हैं, वे फॉर्म-3, एनआरआई मतदाताओं फॉर्म-6A भर कर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं. वे अपने भरे हुए आवेदन को संबंधित रिकॉर्ड अफसर कमांडिंग अफसर-प्राधिकार को भारत निर्वाचन आयोग के सेवा मतदाता पोर्टल servicevoter.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
37,097 सेवा मतदाता वोट का करेंगे इस्तेमाल : खियांग्ते
इस बार लोकसभा चुनाव में झारखंड के 37,097 सेवा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इनमें 35,875 पुरुष व 1222 महिला सेवा मतदाता हैं.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने बताया कि सेवा मतदाताओं की यह संख्या अभी टेंटेटिव है. अंतिम नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही वास्तविक संख्या का पता चलेगा. श्री खियांग्ते ने कहा कि मतदाताओं की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है. कोई भी व्यक्ति एंड्रायड मोबाइल के गूगल प्ले स्टोर और आइफोन से वोटर हेल्पलाइन को डाउनलोड कर सकता है.
रांची : राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य में नेताओं के सुरक्षा वाहनों को ईंधन आपूर्ति का आदेश दे दिया है. इन नेताओं के उन्हीं वाहनों को सरकार की ओर से ईंधन की आपूर्ति की जायेगी, जिसमें सुरक्षाकर्मी चलते हैं.
सरकार ने अादर्श चुनाव अचार संहिता के मद्देनजर नेताओं की सुरक्षा में आवंटित गाड़ियों को डीजल और पेट्रोल की आपूर्ति बंद करने से संबंधित आदेश जारी किया था. इसके बाद पुलिस मुख्यालय रक्षित परिवहन ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा, शिबू सोरेन, हेमंत सोरेन, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो, नीलकंठ सिंह मुंडा के सुरक्षा प्रभारियों को पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी पत्र की प्रति भेज कर उसी के अनुरूप कार्रवाई का निर्देश दिया है.
30 मार्च तक वाहनों के दस्तावेज जमा करें
रांची. चुनाव कार्य में वैसे सभी व्यावसायिक वाहन लगाये जायेंगे, जिनका निबंधन रांची का है. चुनाव ड्यूटी में बस, मिनी बस, मैक्सी कैब, ट्रेकर सहित अन्य वाहनों का इस्तेमाल किया जायेगा.
इसके वाहन मालिकों को दस्तावेज के साथ वाहन कोषांग में पहुंचने का निर्देश दिया गया है. इसके पूर्व सीजर लिस्ट कई वाहन मालिकों को भेजी भी जा रही है. फिलहाल डीसी कार्यालय के 307 कमरा संख्या में वाहन मालिकों को वाहन का आरसी बुक, इंश्योरेंस पेपर, ड्राइवर का ड्राइविंग लाइसेंस और चालक व खलासी का वोटर आइडी कार्ड उपलब्ध करा कर सीजर की रसीद लेने का निर्देश दिया गया है. 30 मार्च तक सभी वाहन मालिकों को ऐसा करना है. ऐसा नहीं करने पर उन पर कार्रवाई होगी़
बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेज करनेवाले जिले होंगे पुरस्कृत
रांची. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने बताया कि मतदाता जागरूकता व चुनाव प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वीप के तहत कई कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं. इस बाबत सभी जिलों के जिला निर्वाचन पदाधिकारियों से प्रतिवेदन मांगा गया है, ताकि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिस करने वाले जिलों को पुरस्कृत किया जायेगा.
