रांची : जिला अभियंता का पद खाली बड़ी संख्या में योजनाएं लटकी

रांची : रांची जिला परिषद के जिला अभियंता का पद एक फरवरी से खाली है. जिला अभियंता के नहीं होने से चालू योजनाअों का बिल क्लियर नहीं हो रहा है. एक तरफ जहां ठेकेदारों का पैसा फंसा हुआ है, वहीं दूसरी ओर योजनाएं भी समाप्त नहीं हो रही हैं. पैसे के अभाव में कई जगह […]

रांची : रांची जिला परिषद के जिला अभियंता का पद एक फरवरी से खाली है. जिला अभियंता के नहीं होने से चालू योजनाअों का बिल क्लियर नहीं हो रहा है. एक तरफ जहां ठेकेदारों का पैसा फंसा हुआ है, वहीं दूसरी ओर योजनाएं भी समाप्त नहीं हो रही हैं.
पैसे के अभाव में कई जगह पर ठेकेदारों ने काम बंद कर दिया है. जो योजनाएं इस वित्तीय वर्ष में समाप्त कर देनी थी, वे अभी तक लटकी हुई हैं. अब विभाग के पास मात्र मात्र छह दिन का समय बचा है. वित्तीय वर्ष समाप्ति के बाद अब अगले वित्तीय वर्ष में इन योजनाअों को पूर्ण किया जा सकेगा. इंजीनियरों व ठेकेदारों के मुताबिक बड़ी संख्या में योजनाएं लटक रही हैं.
क्यों हुई यह स्थिति : जिला अभियंता श्याम दास सिंह 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो गये थे. एक फरवरी से काम करने के लिए नये जिला अभियंता की पोस्टिंग कर देनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. ग्रामीण विकास विभाग (पंचायती राज) ने बड़ी संख्या में इंजीनियरों का तबादला तो किया, लेकिन जिला अभियंता के पद पर किसी की पोस्टिंग नहीं की. बाद में स्थापना समिति की बैठक हुई. इसमें जिला अभियंता का नाम तय करके अनुमोदन के लिए मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा के पास भेजा गया. वहां से फाइल सरकते हुए आगे बढ़ी है, लेकिन मामला अभी भी लटका हुआ है.
अलकतरा भी नहीं मिला ठेकेदारों को
दूसरी ओर बड़ी संख्या में सड़क योजना पर काम हुआ है. इसके तहत बिटुमिंस का काम भी करना था. नाली व पीसीसी का काम तो हो गया, लेकिन अलकतरा नहीं मिलने के कारण यह काम लटका हुआ है. ठेकेदारों को कार्यपालक अभियंता के पत्र के आलोक में ही अलकतरा मिलता है. कार्यपालक अभियंता अलकतरा के लिए इंडियन अॉयल कंपनी लिमिटेड व भारत पेट्रोलियम को पत्र लिखते हैं, तब अलकतरा का आवंटन होता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >