रांची़ : सदर थाना की पुलिस ने मवेशी तस्करी से आरोप में चालक शहनाज को गिरफ्तार किया है. साथ ही उसके मालवाहक ऑटो से छह मवेशियों को बरामद किया है. ऑटो में दो मवेशी को बांध कर रखा गया था.
जबकि चार खड़े थे. सभी मवेशियों को ऑटो के अंदर प्लास्टिक से ढंक कर रखा गया था. छापेमारी के दौरान एक आरोपी भाग निकला. मामले में पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर शनिवार को जेल भेज दिया. साथ ही पुलिस ने वाहन मालिक, भागने वाले सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया है.
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि बड़गाई से कुछ लोग एक वाहन में मवेशी लेकर तस्करी के लिए कांटाटोली की ओर जा रहे हैं. इस पर सदर थाना प्रभारी वेंकटेश ने पीसीआर को कार्रवाई का निर्देश दिया. पीसीआर में तैनात पुलिसकर्मियों ने सुरेंद्र नाथ स्कूल के पास संदिग्ध वाहन को रोक लिया. इसी क्रम में ऑटो में चालक के साथ बैठा दूसरा व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर भाग निकला. चालक ने पूछताछ में बताया कि वह लोअर बाजार थाना क्षेत्र में पशु को पहुंचाने जा रहा था.
इसके बाद कहां जाना था इसकी जानकारी भागने वाले व्यक्ति के पास थी. उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी पशु तस्करी के आरोप में शहनाज जेल जा चुका है. उस वक्त भी उसी ऑटो का प्रयोग पशु तस्करी के लिए हुआ था, जिसे पुलिस ने वर्तमान में जब्त किया है.
