आवगमन ठप, स्कूल नहीं जा सके बच्चे
मेसरा : सेना द्वारा पाइप मरम्मत के नाम पर सड़क काटे जाने से आक्रोशित गाड़ी गांव के ग्रामीणों ने आम बगीचा से एनएच-33 को जोड़नेवाली सड़क पर पुल के समीप हंगामा किया. इसका नेतृत्व वार्ड सात के पार्षद सुजाता खलखो कर रही थी.
बाद में एलआरडीसी मनोज कुमार, ग्रामीणों व सेना के अधिकारियों के साथ वार्ता में सेना के द्वारा सड़क बंद नहीं करने के आश्वासन के बाद ग्रामीण वहां से हटे. जानकारी के अनुसार 28 जनवरी की रात्रि सेना ने पाइप मरम्मत के नाम पर जेसीबी मशीन से सड़क को काट दिया. और रास्ता बंद है का बोर्ड लगा दिया.
जिससे ग्रामीणों का आवागमन बंद हो गया. 29 जनवरी को बच्चे स्कूल नहीं जा सके. सूचना मिलते ही पार्षद के नेतृत्व में ग्रामीण उक्त स्थल पर प्रदर्शन करने जमा हो गये. मामला गंभीर होता देख खेलगांव थाना प्रभारी मोहन कुमार अपने दल के साथ पहुंचे. एलआरडीसी सेना के अधिकारी कर्नल दुबे, प्रदीप्तो गोस्वामी व कर्नल जोशी भी आये. बाद में ग्रामीणों के साथ अधिकारियों की वार्ता हुई.
जिसमें सड़क को ग्रामीणों के लिए खुला छोड़ने की बात कही गयी, इसके बाद ग्रामीण वहां हटे. मौके पर हरकाली भट्टाचार्य, कौशल किशोर झा, अभिषेक झा, संजय गुप्ता, राजेंद्र पांडेय, शशिभूषण तिवारी, ओमप्रकाश गोप, सूरज गोप, बाबिल महतो, रूपक रुंडा, मोगो महतो, बहामनी गाड़ी, सीमा बड़ा, रिला देवी व ग्रामीण मौजूद थे.
