रांची : तीन पुलिसकर्मी सहित सीआरपीएफ के 51 जवान और अधिकारी सम्मानित
रांची : झारखंड राज्य में पिछले वर्ष तैनाती के दौरान सीआरपीएफ एवं राज्य पुलिस कर्मियों को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित करने के लिए शुक्रवार को सीआरपीएफ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. समारोह के मुख्य अतिथि आइजी सीआरपीएफ संजय आनंद लाठकर ने राज्य पुलिस के तीन अधिकारियों सहित सीआरपीएफ के 51 […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
रांची : झारखंड राज्य में पिछले वर्ष तैनाती के दौरान सीआरपीएफ एवं राज्य पुलिस कर्मियों को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए सम्मानित करने के लिए शुक्रवार को सीआरपीएफ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
समारोह के मुख्य अतिथि आइजी सीआरपीएफ संजय आनंद लाठकर ने राज्य पुलिस के तीन अधिकारियों सहित सीआरपीएफ के 51 अधिकारियों और कर्मियों को सीआरपीएफ डीजी प्रशंसा डिस्क और प्रशस्ति पत्र तथा 11 अधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया.
सीआरपीएफ आइजी ने अपने संबोधन में सीआरपीएफ डीजी डिस्क से सम्मानित झारखंड पुलिस के पदाधिकारी आरिफ एकराम, पंकज राय एवं राकेश रोशन का विशेष आभार व्यक्त किया. उन्होंने बताया कि झारखंड में सीआरपीएफ की सफलता में इन तीनों पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जिस कारण ये डीजी सीआरपीएफ के प्रशंसा डिस्क और प्रशस्ति पत्र पाने के पात्र बने.
उन्होंने बताया कि हमारे अधिकारी और जवान अपने सुख- सुविधाओं को प्राथमिकता नहीं देते हुए इस देश के असामाजिक तत्व को खोज कर उन्हें नष्ट करने के लिए कटिबद्ध हैं. इनकी वजह से हमारी आंतरिक सुरक्षा अभेद बनी हुई है. इन बहादुर कर्मियों का इनकी कर्तव्य निष्ठा एवं स्वार्थ रहित कार्यों के लिए सम्मानित किये जाने से इनको पूरे देश में एक पहचान मिलती है.
उन्होंने कहा कि पुलिस बल का सदस्य होने के नाते हमारा धर्म और कर्म दोनों ही देश की सेवा है. इस कर्तव्य के निर्वहन में हमारे बीच क्षेत्रवाद, भाषावाद और जातिवाद जैसे विभाजित करनेवाले तत्वों का कोई स्थान नहीं है.
सीआरपीएफ को प्रदान किये जायेंगे 106 पदक
रांची : 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर सीआरपीएफ के कुल 106 अधिकारियों और जवानों को राष्ट्रपति पदक प्रदान करेंगे. आइजी सीआरपीएफ संजय आनंद लाठकर ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी है. सीआरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि सीआरपीएफ के कुल 44 जवान और अधिकारियों को उनके अदम्य साहस के लिए वीरता पदक से नवाजा जायेगा.
जिनमें तीन पुलिस कर्मियों को राष्ट्रपति का पुलिस वीरता पदक और 41 कर्मियों को पुलिस वीरता पदक से अलंकृत किया जायेगा. उल्लेखनीय है कि इस वर्ष नक्सल प्रभावित झारखंड के खूंटी जिले में तैनात सीआरपीएफ 94 बटालियन के तीन जवानों एवं अधिकारियों और जमशेदपुर जिले में अपनी तैनाती के दौरान 207 कोबरा बटालियन के दो जवानों एवं अधिकारियों को उनके वीरता पूर्ण कार्य के लिए पुलिस वीरता पदक से सम्मानित किया जायेगा.
12 सितंबर 2017 को पश्चिमी सिंहभूम के जरियागढ़ क्षेत्र में उग्रवादियों साथ हुई मुठभेड़ में पीएलएफआइ का एरिया कमांडर शालु बुध मारा गया था. रोशनी नामक एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया था. इसमें बटालियन 94 के तीन जवान एवं अधिकारी को तथा पूर्व सिंहभूम जिला में 17 सितंबर 2014 को घाटशिला के चेकम में 207 कोबरा बटालियन की तैनाती के दौरान नक्सली से मुठभेड़ के बाद कई नक्सली पकड़े गये थे.
इसमें शामिल दो अधिकारियों एवं जवानों को वीरता पदक से नवाज जायेगा. इसके अलावा राष्ट्र सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए पांच जवानों एवं अधिकारियों को विशिष्ट सेवा के लिए पुलिस पदक एवं 57 जवानों और अधिकारियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जायेगा.