स्नान के बाद एक्कैसो महादेव मंदिर में की पूजा
नामकुम : कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्वर्णरेखा नदी में हजारों की संख्या में लोगों ने स्नान किया व भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी. सूर्योदय के पूर्व ही यहां लोगों ने नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी.
इसके बाद एक्कैसो महादेव मंदिर में पूजन के बाद दान किया. कार्तिक पूर्णिमा मेला के आयोजन में स्वर्णकार समिति, स्वर्णरेखा उत्थान समिति तथा मेला आयोजन समिति के लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया. मेला में दरिद्रनारायण भोज का आयोजन हुआ. मेला में मंत्री सीपी सिंह तथा खादी बोर्ड के अध्यक्ष संजय सेठ भी शामिल हुए व लोगों को कार्तिक पूर्णिमा की बधाई दी. स्वर्णरेखा नदी के तट पर आयोजित इस मेला में बच्चों के मनोरंजन के साधन उपलब्ध थे. मेला में पारंपरिक मिठाइयों के साथ-साथ गन्ने की खूब बिक्री हुई. पूजा के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदुर लगाया, सुख-समृद्धि व सौभाग्य की कामना की.
पिठोरिया. कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने क्षेत्र के दुवारसिनी मंदिर व मुड़हड़ पहाड़ समेत कई मंदिरों में पूजा-अर्चना की. साथ ही क्षेत्र के मंदिरों में भजन कीर्तन का आयोजन किया गया.
पिस्कानगड़ी. कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पंचमुखी पूर्णिमा मेला में ग्रामीण उमड़ पड़े. सुबह भक्तों ने कोयल नदी में स्नान करने के बाद हनुमान चबूतरे में पूजा-अर्चना की. ग्रामीणाें ने मेले में ईख, मिठाई और खिलौने की खरीदारी की. लोगों ने भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी. दूसरी ओर स्वर्णरेखा उद्गम स्थल रानीचुआं में लोगों ने स्नान कर पांडेश्वर धाम में पूजा-अर्चना की तथा भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी. श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.
लापुंग. चंपाडीह रामरेखा टोंगरी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को शाम छह बजे से 24 घंटे का अखंड कीर्तन व यज्ञ शुरू हुआ. 25 नवंबर को मेला का आयोजन किया जायेगा. इस मेला के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ रामेश्वर उरांव होंगे. विशिष्ट अतिथि रातू महाराजा के वंशज जयंतनाथ शाहदेव व लाल अजयनाथ शाहदेव होंगे. इस मेला के आयोजक राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय रौतिया समाज विकास परिषद के बड़ाइक राम शंकर सिंह होंगे.
बुढ़मू. कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के बरौदी गांव में आयोजित कार्तिक मेला का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक डॉ जेसी राम, भाजपा के सुरेंद्रनाथ पांडेय, 20 सूत्री के प्रखंड अध्यक्ष संजय पटेल व अन्य अतिथियों ने सामूहिक रूप से किया. विधायक ने कहा कि इस स्थल तक आने के लिए जल्द ही सड़क, पुलिस व श्रद्धालुओं के लिए सुलभ शौचालय का निर्माण कराया जायेगा.
वहीं कमेटी की ओर से प्रेमदीया ग्रुप के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया. मेला के सफल आयोजन में बिहारी लाल महतो, अरविंद साहू, बसंत साहू, रामसुंदर महतो, राजेश महतो ने योगदान दिया.
