रांची : केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन से शोक की लहर

रांची : केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर भाजपा में शोक की लहर है. पार्टी के नेता मर्माहत हैं. सोमवार को पार्टी कार्यालय में श्री कुमार के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. नेताओं ने भारी मन से स्व कुमार को याद किया. मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, पार्टी अध्यक्ष […]

रांची : केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर भाजपा में शोक की लहर है. पार्टी के नेता मर्माहत हैं. सोमवार को पार्टी कार्यालय में श्री कुमार के निधन पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. नेताओं ने भारी मन से स्व कुमार को याद किया. मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव, पार्टी अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, मंत्री सीपी सिंह सहित कई नेताओं ने स्व कुमार को याद किया.
इधर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री गिलुवा ने कहा है कि भाजपा ने अपना कर्मठ कार्यकर्ता खोया है. अनंत कुमार का निधन पार्टी व देश के लिए अपूरणीय क्षति है. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि अनंत कुमार के निधन की खबर बेहद दुःखद है. उन्होंने भाजपा की लंबे अरसे तक सेवा की. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को इसे सहन करने की शक्ति दे. मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि पार्टी ने एक सच्चा सिपाही और कुशल नेता खो दिया.
सांसद महेश पोद्दार ने कहा कि सहज, सरल स्वभाव ही उनकी पहचान थी. झारखंड से उनका बेहद लगाव था. उन्होंने उर्वरक एवं रसायन मंत्री के रूप में सिंदरी खाद कारखाना को पुनर्जीवित कराने के संकल्प को पूरा किया. प्रदेश महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी दीपक प्रकाश ने कहा कि पार्टी ने एक हीरा खो दिया है.
भाजपा नेता व सांसद रामटहल चौधरी, मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, उषा पांडेय, आदित्य साहू, सुबोध सिंह गुड्डू, दीनदयाल वर्णवाल, हेमंत दास, शिवपूजन पाठक, संजय जायसवाल, आशा लकड़ा, संजीव विजयवर्गीय, सीमा शर्मा, अरविंद सिंह, मनोज मिश्रा, रणधीर चौधरी, सतीश सिन्हा, प्रेम मित्तल, सोना खान, क्यामुद्दीन खान, तारिक इमरान, लक्ष्मीचंद्र दीक्षित, बीके नारायण, बसंत मित्तल सहित कई लोगों ने शोक संवेदना प्रकट की. भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार, अभिषेक सिंह, राकेश चौधरी, कुणाल यादव, गुंजन यादव, राज श्रीवास्तव, वरुण तिवारी, संजय पोद्दार, निशिकांत चौहान सहित कई नेताओं ने उनके निधन पर दु:ख प्रकट किया़
अनंत के निधन पर राज्यपाल ने जताया शोक
रांची. राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के असामयिक निधन पर गहरा दु:ख व शोक प्रकट किया है. उन्होंने कहा कि श्री कुमार के निधन से हमने कुशल राजनीतिज्ञ, समाजसेवी व प्रशासक खो दिया है. उन्हें सार्वजनिक जीवन में जो भी पद मिला, उसे उन्होंने अपने कार्यों से गौरवान्वित किया. ईश्वर उनके परिजनों को इस दु:ख को सहने की शक्ति प्रदान करें.
झारखंड को करीब से समझा था : दिनेश
रांची. विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि अनंत कुमार का असामयिक हमारे बीच से चले जाना एक अपूरणीय क्षति है. वे संसदीय व्यवस्था के बड़े जानकार और अनुभवी राजनेता थे. बतौर केंद्रीय मंत्री उन्होंने झारखंड को करीब से समझा था. यहां के गुणात्मक विकास के प्रति उन्होंने काफी रुचि दिखायी थी़
राजनीति में लोकप्रियता हासिल की : सुदेश
रांची. आजसू पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अनंत कुमार युवा काल में ही सार्वजनिक जीवन में आये. उन्होंने भारतीय राजनीति में लोकप्रियता हासिल की. वे विधायी कार्यों के साथ प्रशासनिक कामकाज पर पकड़ रखते थे. उनका हर काम बौद्धिक क्षमता से परिपूर्ण रहा.
महानगर भाजपा ने जताया शोक
रांची. केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर महानगर भाजपा ने शोक जताया है. सोमवार को रातू रोड स्थित महानगर कार्यालय में स्व कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी. कार्यकर्ताओं ने कहा कि अनंत कुमार के निधन से पूरा देश स्तब्ध है. इनके द्वारा किये गये कार्यों को कभी भुलाया नहीं जा सकता है. इनकी कमी हम सभी लंबे समय तक महसूस करते रहेंगे. मौके पर महानगर अध्यक्ष मनोज मिश्रा, केके गुप्ता, राजू सिंह, हरबिंदर सिंह बेदी, सुनील शर्मा, वरुण साहू, जनार्दन शाह, सुनीता देवी, मंजू चौधरी, रमेश सिंह, पंकज वर्मा, अजय उरांव, प्रकाश साहू, सुजीत उरांव, अरुण पांडेय, देवेंद्र शर्मा, मुकेश सिंह, बसंत दास, बजरंग वर्मा, गणेश साहू, राजा सिंह, समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
केंद्रीय मंत्री के निधन पर जदयू ने जताया शोक
रांची. केंद्रीय मंत्री सह भाजपा के वरिष्ठ नेता अनंत कुमार के असामयिक निधन पर प्रदेश जदयू ने शोक जताया है. प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता श्रवण कुमार ने कहा कि उनके निधन से देश और समाज ने एक बड़ा नेता खो दिया, जिसकी क्षतिपूर्ति संभव नहीं है. स्व अनंत कुमार अच्छे एवं मृदुभाषी नेता थे. उनके निधन पर प्रदेश जदयू के कृष्णानंद मिश्रा, भगवान सिंह, बैजनाथ राम गोपी, संजय सहाय, सागर कुमार, अखिलेश राय, जफर कमाल, आशा शर्मा, रत्ना शर्मा, रमेश सिंह, अरविंद जायसवाल समेत कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है.
निधन से अपूरणीय क्षति हुई : चंद्रप्रकाश
रांची. जल संसाधन, पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी ने केंद्रीय उर्वरक,रसायन एवं संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा है कि श्री कुमार का निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है. वह झारखंड के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहते थे. ईश्वर उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें.
केंद्रीय मंत्री के निधन पर शोक व्यक्त किया
रांची. संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार के असामयिक निधन पर विकास भारती के सचिव अशोक भगत ने शोक व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि वे एक सुयोग्य प्रशासक व लोकप्रिय नेता थे. वे वर्ष 1996 से लोकसभा में बेंगलुरु दक्षिणी संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे थे. समाज के प्रति उनके योगदान एवं उनकी सेवाओं को सदैव याद किया जायेगा.
सदान मोर्चा ने शोक जताया
रांची. सदान मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद ने केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अनंत कुमार के असमय निधन पर दुख व्यक्त किया है. उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कुमार के असमय निधन से उनके परिवार और शुभचिंतकों को जो पीड़ा पहुंची है, ईश्वर उस पीड़ा को सहने की शक्ति प्रदान करे.
शिबू सोरेन व हेमंत ने जताया शोक
रांची. केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार के निधन पर झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन व कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शोक जताया है. नेताद्वय ने कहा कि स्वर्गीय कुमार के निधन से कर्नाटक की राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है. भगवान दुःख की इस घड़ी में स्व कुमार के प्रियजनों को दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >