रांची : बार काउंसिल अॉफ इंडिया की अोर से शनिवार को दिल्ली स्थित मुख्यालय में आयोजित समारोह में सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस रंजन गोगोई का स्वागत किया गया. उन्होंने कहा कि बेंच व बार के बीच समन्वय रहना चाहिए. बार अपने को कभी बेंच से अलग नहीं समझे. बार की भूमिका महत्वपूर्ण है. अधिवक्ताअों की समस्याअों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जायेगा.
इससे पहले झारखंड बीसीआइ के प्रतिनिधि प्रशांत कुमार सिंह ने चीफ जस्टिस श्री गोगोई को शॉल अोढ़ा कर सम्मानित किया. इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश, दिल्ली हाइकोर्ट के चीफ जस्टिस, झारखंड हाइकोर्ट के सीनियर जज व नालसा के पदेन सदस्य जस्टिस डीएन पटेल, बीसीआइ के अध्यक्ष मनन मिश्र सहित काउंसिल के सदस्य व देश के विभिन्न राज्यों से आये अधिवक्ता आदि उपस्थित थे.
