रांची : कोल इंडिया के करीब दो लाख 70 हजार कर्मियों को इस बार 60,500 रुपये बोनस दिया जायेगा. यह निर्णय शुक्रवार को दिल्ली में हुई स्टैंडराइजेशन कमेटी की बैठक में लिया गया. इसमें मजदूर यूनियन और प्रबंधन के सदस्यों ने हिस्सा लिया. पिछले साल कोल इंडिया ने कर्मचारियों को 57 हजार रुपये बोनस दिया था. सीसीएल के करीब 38,253 तथा बीसीसीएल के करीब 46,317 कर्मियों को इसका लाभ मिलेगा. सीएमपीडीअाइ के करीब 2438 कर्मी इसके लाभुक होंगे.
बोनस का भुगतान 12 अक्तूबर से पहले कर दिया जायेगा. बैठक में प्रबंधन ने 59 हजार रुपये बोनस देने का प्रस्ताव दिया था, जिसे यूनियन ने अस्वीकार कर दिया था. करीब चार घंटे तक चली बैठक में 60, 500 रुपये बोनस देने पर सहमति बनी. बैठक में कोल इंडिया के चेयरमैन एके झा भी मौजूद थे.
चेयरमैन ने कहा : फैसला संतोषजनक होगा. वह बोनस की आधिकारिक बैठक शुरू होने से पहले चले गये. बैठक में एमसीएल के सीएमडी, निदेशक कार्मिक, निदेशक वित्त के साथ-साथ यूनियन की ओर से बीके राय, डीडी रामानंदन, रमेंद्र कुमार, नाथूलाल पांडेय मौजूद थे.
फैसला सम्मानजनक है, जिसका स्वागत करते हैं. अब तक किसी पब्लिक सेक्टर को बोनस में इतनी राशि नहीं मिली है. यह यूनियनों की एकता का भी नतीजा है. आगे भी यह जारी रहना चाहिए.
लखन लाल महतो, एटक
उषा मार्टिन में बोनस समझौता, 17500 मिलेगा
रांची. उषा मार्टिन प्रबंधन एवं यूनियन के बीच तीन अक्तूबर को बोनस समझौता हो गया है. वित्तीय वर्ष 2017–18 में 282 करोड़ रुपये के घाटे के बावजूद प्रबंधन एवं यूनियन ने मजदूर हित को ध्यान में रख कर समझौते पर हस्ताक्षर किये हैं. यह जानकारी कारखाना के जनसंपर्क अधिकारी डॉ मयंक मुरारी ने दी. उन्होंने बताया कि समझौते के पश्चात उषा मार्टिन कर्मियों को सात हजार रुपये बोनस तथा 10500 रुपये अनुदान के रूप में मिलेंगे.
