रांची : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा है कि केंद्र सरकार के कामकाज और देश की मौजूदा स्थिति के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं में हताशा व निराशा का माहौल है.
यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीधा संवाद के दौरान हजारीबाग समेत देशभर के विभिन्न हिस्सों के भाजपा कार्यकर्ताओं ने विपक्षी दलों से निबटने के उपाय के बारे में ही जानकारी मांगी. उन्होंने कहा कि देश की जनता में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि को लेकर आक्रोश है.
लेकिन, भाजपा के किसी भी बूथ स्तरीय कार्यकर्ता ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने, हर साल दो करोड़ लोगों को रोजगार देने और विदेशों में जमा कालाधन की वापसी को लेकर प्रधानमंत्री से कुछ सवाल नहीं किया. सीधा संवाद कार्यक्रम को लेकर सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग किया गया.
