रांची : भारतीय स्टेट बैंक अधिकारी संघ पटना मंडल का चुनाव झारखंड और बिहार के विभिन्न बूथों पर रविवार को शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुआ. केंद्रीय स्तर पर 15 पद और आंचलिक स्तर के सात अंचलों में 11-11 सदस्यों के लिए चुनाव कराया गया.
चुनाव में कुल 92 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला मतपेटी में बंद हो गया. चुनाव में कुल 86.96 प्रतिशत बैंक अधिकारियों ने मतदान किया. झारखंड और बिहार में कुल 6,659 मतदाता थे. 5,791 लोगों ने मतदान किया. सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदाताओं ने वोट डाले. झारखंड और बिहार में कुल 49 बूथ बनाये गये थे
ये हैं चुनावी मैदान में : केंद्रीय समिति के लिए एक गुट में उमाकांत सिंह व अजीत मिश्रा और दूसरे गुट में कमलेश कुमार सिंह व रंधीर सिन्हा के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया. केंद्रीय समिति के लिए सभी जोन के सदस्यों ने वोट डाले, जबकि जोनल कमेटी के लिए उसी जोन के सदस्यों ने वोट डाले.
इस प्रकार रांची जोनल कमेटी में एक गुट में जॉन बान्डो और अनूप कुमार एवं दूसरे गुट में राजन कुजूर और अंजनी कुमार सिन्हा के नेतृत्व में चुनाव लड़ा गया. चुनाव पदाधिकारी राजीव कुमार दास ने कहा कि आठ सितंबर को स्क्रूटनी और नौ सितंबर को मतगणना होगी. नौ सितंबर को परिणाम की घोषणा कर दी जायेगी. नयी कमेटी का कार्यकाल तीन वर्षों के लिए होगा.
रांची अंचल में 84.60% वोट
रांची अंचल में रांची मुख्य शाखा, डोरंडा शाखा, चाईबासा, जमशेदपुर और डालटनगंज में बूथ बनाये गये थे. कुल मतदाता 1,039 हैं, जबकि 879 वोट पड़े. इस प्रकार वोटिंग प्रतिशत 84.60 रहा. रांची मुख्य शाखा में कुल मतदाताओं की संख्या 421 है, जबकि 364 लोगों ने वोट डाले. डोरंडा शाखा में कुल मतदाताओं की संख्या 198 है, जबकि161 लोगों ने वोट डाले. वोटिंग प्रतिशत 81.31 प्रतिशत रहा.
