रांची : प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राजेश ठाकुर ने झारखंड में हो रहे तबादलों पर कटाक्ष करते हुए कहा कि झारखंड में पिछले चार सालों में दुनिया भर से उद्योगपति बुलाये गये. मोमेंटम झारखंड के माध्यम से करोड़ों रुपये लूटे एवं लुटाये गये.
लेकिन किसी उद्योग की स्थापना नहीं हो पायी. अगर किसी एक उद्योग की स्थापना हुई, तो वह है तबादला उद्योग. पिछले 15 दिनों में कुल 372 तबादले किये जा चुके हैं. इन अफसरों के तबादले में एक करोड़ से अधिक ट्रांसफर अलाउंस के नाम पर खर्च हुआ. इसमें से अधिकांश अफसरों को छह महीने से साल भर के अंदर ही एक जगह से दूसरे जगह भेज दिया गया. इतना ही नहीं बाद में कुछ लोगों का तबादला रोका भी गया.
सरकार को यह बताना चाहिए कि जब एक अधिकारी एक स्थान पर सक्षम अधिकारी नहीं हो सकता, तो दूसरे स्थान पर सक्षम पदाधिकारी कैसे हो सकता है. श्री ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्योग स्थापना के बारे में जानकारी लेने चीन गये हैं या तबादला उद्योग के बारे में जानकारी देने.
पेट्रोल-डीजल के टैक्स में कटौती करे सरकार
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा पेट्रोल-डीजल पर बेतहाशा टैक्स लगाये जाने से कीमतें आसमान छूने लगी हैं. ईंधन पर अब तक का सबसे ज्यादा टैक्स वसूलकर मोदी सरकार 11 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा मुनाफा कमा चुकी है.
भाजपा नेतृत्व वाली रघुवर दास सरकार भी यदि लोगों को राहत दिलाना चाहती है तो स्टेट टैक्स में तत्काल कटौती करे. दैनिक जरूरत की बढ़ती कीमतों ने घर का बजट बिगाड़ दिया है. जनता ईंधन की लूट के लिए मोदी सरकार को कभी माफ नहीं करेगी.
