रांची : तीन घंटे में हुई रिकॉर्ड 100 मिमी बारिश, राजधानी हुई जलमग्न, आज भी हो सकती है भारी बारिश

50 से अधिक मुहल्लों में पानी घुसा, विद्युत आपूर्ति बाधित रांची : राजधानी में तीन घंटे में ही 100 मिलीमीटर बारिश हुई. शाम सवा चार बजे से शुरू हुई बारिश देर रात तक होती रही. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में माॅनसून फिर सक्रिय हो गया है. बंगाल की खाड़ी में निम्न […]

50 से अधिक मुहल्लों में पानी घुसा, विद्युत आपूर्ति बाधित
रांची : राजधानी में तीन घंटे में ही 100 मिलीमीटर बारिश हुई. शाम सवा चार बजे से शुरू हुई बारिश देर रात तक होती रही. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में माॅनसून फिर सक्रिय हो गया है. बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र भी बना हुआ है. मौसम विभाग के अनुसार, इससे पूर्व वर्ष 2012 और 2013 में 100 मिमी से अधिक बारिश एक दिन में हुई थी. मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि 26 अगस्त को भी भारी बारिश हो सकती है. वहीं वज्रपात से राज्य के अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि कई झुलस गये.
झमाझम बारिश से राजधानी की मुख्य सड़कें तालाब बन गयी. वहीं 50 से अधिक मुहल्लों में पानी भर गया. शहर के निचले इलाके की स्थिति और दयनीय हो गयी. राजधानी के कई महुल्लों में देर रात तक बिजली आपूर्ति बाधित थी. रिम्स के इमरजेंसी सहित कई वार्डों में बारिश का पानी घुस गया.
मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.भारी बारिश की वजह से रांची आनेवाले इंडिगो के दो विमानों को कोलकाता के लिए डायवर्ट कर दिया गया. पटना से रांची पहुंचनेवाले विमान और नयी दिल्ली से रांची पहुंचनेवाले विमान को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से लैंडिंग की इजाजत नहीं दी जा सकी. मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई जिलों में 25 से लेकर 75 मिमी तक बारिश हो सकती है. पूरे राज्य में एक जून से लेकर 25 अगस्त तक करीब 580 मिमी बारिश हो गयी है.
विभिन्न वर्षों में 24 घंटे में हुई अधिकतम बारिश (मिमी में)
वर्ष बारिश
2017 48.0
2016 47.6
2015 63.0
2014 37.4
2013 54.0
2012 122.5
2011 114.7
2010 48.0
2009 56.2
चतरा में वज्रपात से पति की मौत, पत्नी घायल
प्रतापपुर. चतरा जिले के प्रतापपुर प्रखंड के बामी गांव में वज्रपात की चपेट में आने से पति रमेश गंझू (40) की मौत हो गयी. वहीं पत्नी मंगरी देवी झुलस गयी.
ठनका गिरने से युवती की मौत, दो बच्चे घायल
बरकट्ठा : हजारीबाग के बरकट्ठा प्रखंड क्षेत्र के ग्राम गुजरा में ठनका गिरने से युवती सरिता की मौत हो गयी, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गये.
भारी बारिश से इंडिगो के दो विमान कोलकाता डायवर्ट
रांची में विजिबिलिटी एक किलोमीटर से भी कम थी
दो घंटे बाद वापस दोनों विमान पहुंचे रांची
रांची : राजधानी में शनिवार शाम को हुई भारी बारिश की वजह से रांची आनेवाले इंडिगो के दो विमानों को कोलकाता के लिए डायवर्ट कर दिया गया.
पटना से रांची पहुंचनेवाले विमान और नयी दिल्ली से रांची पहुंचनेवाले विमान को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल से लैंडिंग की इजाजत नहीं दी जा सकी. इसके बाद विमान को कोलकाता ले जाया गया. दोनों विमान दिन के 4.30 बजे और शाम 5.30 बजे रांची पहुंचते हैं. जानकारी के अनुसार, विमानों की लैंडिंग के लिए पर्याप्त विजिबिलिटी एक किलोमीटर से भी कम थी.
खराब मौसम के कारण नहीं उतर पाये विमान : निदेशक
भारतीय विमानन प्राधिकार के निदेशक डॉ प्रभात रंजन ने बताया कि शनिवार शाम को खराब मौसम और घने बादलों की वजह से इंडिगो के दो विमान तय समय पर रांची नहीं आ सके. पटना से रांची आनेवाली इंडिगो विमान 6ई-787 और दिल्ली से रांची आनेवाली विमान 6ई-6382 को रांची से कोलकाता डायवर्ट किया गया.
उन्होंने बताया कि हाई चार्ज सीवी क्लाउड की वजह से रांची एयरपोर्ट के रनवे पर विमानों के लैंड करने की स्थिति नहीं थी. इस तकनीकी वजह से कोई भी विमान तय एयरपोर्ट पर लैंड नहीं करते हैं और तकनीकी कारणों से उन्हें डायवर्ट कर दिया जाता है. पटना से रांची आनेवाली विमान दो घंटे बाद रांची एयरपोर्ट पर उतरी. दिल्ली से रांची आनेवाली विमान भी कोलकाता से 8.30 बजे रांची पहुंची.
सिकिदरी में वज्रपात से एक की मौत, एक घायल
सिकिदिरी. हरातु पंचायत के लाधुप टोली निवासी लालू भोगता (35 वर्ष) की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गयी, जबकि पार्वती देवी (40 वर्ष) नामक महिला झुलस गयी है. दोनों बकरी चरा रहे थे. इसी दौरान बारिश होने लगी. बारिश से बचने के लिए दोनों सिंचाई के लिए बनी टंकी के नीचे छिप गये. इसी दौरान वहां वज्रपात हुआ व दोनों उसकी चपेट में आ गये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >