रांची : राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने सरकार से राज्य के 19 आकांक्षी (पिछड़े) जिले में फलदार पौधों की बागवानी का अभियान चलाने का आग्रह किया है़ श्री पोद्दार ने इस बाबत मुख्यमंत्री रघुवर दास को पत्र लिखा है़
सांसद ने कहा है कि अगले दो महीने का सघन कार्यक्रम निर्धारित किया जाये़ अभियान में जल संसाधन, ग्रामीण विकास, कृषि, वन विभाग सहित कई विभागों को जोड़ते हुए अभियान चलाया जा सकता है़ सांसद ने पत्र में कहा है कि झारखंड के 19 जिले देश के आकांक्षी जिलों की सूची में शामिल है़ं
इन इलाकों में जनजीवन सुगम बनाना और लोगों को जीविकोपार्जन का दीर्घकालिक साधन उपलब्ध कराना राज्य सरकार का लक्ष्य है़ झारखंड के क्षेत्रफल 79714 वर्ग किलोमीटर का करीब 10 प्रतिशत हिस्सा बंजर है़ राज्य में प्रत्येक वर्ष करीब 1200–1400 मिलीमीटर बारिश होती है़
झारखंड पर प्रकृति की विशेष कृपा है़ श्री पोद्दार ने सुझाव दिया है कि वर्षाऋतु के दौरान तेज गति से कार्य करते हुए इन जिलों में आम, लीची, पपीता आदि लगा कर किसानों को कम समय में ज्यादा लाभ कमाने योग्य बनाया जा सकता है.
