रांची : भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा को लेकर ओड़िशा के पुरी और गुजरात के अहमदाबाद की तरह झारखंड की राजधानी रांची की रथ यात्रा भी मशहूर है. इसकी तैयारियां काफी पहले शुरू हो गयी थी. शुक्रवार को नेत्रदान के बाद शनिवार की सुबह पांच बजे धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गये. इसके साथ ही भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम और बहन सुभद्रा के दर्शनों के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. दोपहर दो बजे सूबे के मुख्यमंत्री रघुवर दास भगवान का रथ खींचेंगे.
मुख्यमंत्री श्री दास ने रथ यात्रा के मौके पर पूरे प्रदेश के लोगों को बधाई और शुभकामनाओं के साथ आमंत्रण भी दिया है. सीएम ने ट्वीट किया है, ‘सभी झारखंडवासियों को रथ यात्रा की हार्दिक बधाई. शनिवार को रथयात्रा के पावन अवसर पर मुझे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और मां सुभद्रा के रथ को खींचने का सौभाग्य प्राप्त होगा. आप सभी इस पवित्र अवसर पर शामिल हों और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करें, ऐसा मेरा आग्रह है.’
