रांची : भूमि अधिग्रहण बिल के खिलाफ सफलतापूर्वक चलाये जा रहे आंदोलन पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार को बधाई दी है.
प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि राहुल गांधी ने पत्र में 14 हजार लोगों से ज्यादा गिरफ्तारी पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा है कि बंद के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर आम लोगों को बंद में शामिल होने से रोका गया, जो कि नागरिक अधिकारों का हनन है. झारखंड के साथ-साथ पूरे देश में भाजपा शासित राज्यों में सोशल इंपैक्ट एसेसमेंट को हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जो कि यूपीए सरकार द्वारा आमजनों की हितों को सुरक्षा प्रदान करने के लिए की गयी थी.
पत्र में डॉ अजय कुमार से भूमि अधिग्रहण संशोधन बिल के विरोध में लोगों के साथ लड़ाई जारी रखने का अनुरोध किया है. राहुल गांधी द्वारा डॉ अजय कुमार के कार्यों की प्रशंसा किये जाने पर कार्यकर्ताओं ने बधाई दी है.
