Ranchi Water Supply Disruption: झारखंड राजधानी रांची के एक बड़े हिस्से में 9 सितंबर को सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक जलापूर्ति पूरी तरह ठप रहेगी. पेयजल एवं स्वच्छता स्वर्णरेखा शीर्ष कार्य प्रमंडल द्वारा रूक्का जलशोध संस्थान के पास राइजिंग पाइपलाइन में आवश्यक मरम्मत कार्य किए जाने के कारण यह शटडाउन लिया गया है. इस जरूरी मरम्मत के चलते शहर के आधे से अधिक इलाकों में लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है.
इन इलाकों में आठ घंटे प्रभावित रहेगी जलापूर्ति
जलापूर्ति बाधित रहने वाले प्रमुख क्षेत्रों में हिंदपीढ़ी, मेन रोड, ओसीसी, बरियातू हाउसिंग कॉलोनी, बरियातू रोड, रिम्स, बुटी, बीआईटी मेसरा, विकास, ईरबा, कोकर, लालपुर, चुटिया, रांची रेलवे स्टेशन, नामकुम, रातू रोड एमईएस और दीपाटोली समेत इनसे जुड़े तमाम आसपास के इलाके शामिल हैं. विभाग के अनुसार, पूर्वाह्न छह बजे से अपराह्न दो बजे तक यानी कुल आठ घंटे तक पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी.
ये भी पढ़ें- रांची: मधुकम जमीन विवाद में महादेव उरांव की अपील पर अब दूसरी बेंच करेगी सुनवाई
जलापूर्ति बाधित रहने से पहले पानी जमा करने की अपील
पाइपलाइन के रखरखाव और तकनीकी सुधार के लिहाज से यह कार्य अति आवश्यक है, ताकि भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू और सुदृढ़ बनी रहे. प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जलापूर्ति बाधित होने के निर्धारित समय से पहले ही अपनी आवश्यकतानुसार पानी का संचय कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके. विभाग ने इस अस्थायी असुविधा के लिए नागरिकों से खेद व्यक्त किया है.
ये भी पढ़ें- JSSC CGL परीक्षा से नियुक्त 99 अधिकारियों को हाईकोर्ट से राहत, राज्य सरकार की अधिसूचना पर लगी रोक
