रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh: रामगढ़ में रविवार को मौसम के अचानक बदले मिजाज ने तबाही मचा दी. तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि शहर के कई इलाकों में पेड़ टूटकर गिर गए. रामगढ़ प्रखंड के गंडके पाहन टोला निवासी 30 वर्षीय राजू मुंडा की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई. वह खेत में काम करने गया था, तभी तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए वह खेत किनारे आम के पेड़ के नीचे खड़ा हो गया. इसी दौरान ठनका गिरने से उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
गांव में शोक, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. दूसरी ओर तेज आंधी और हवा के कारण रामगढ़ शहर के कई इलाकों में पेड़ टूटकर गिर गए, जिससे कुछ जगहों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ. बाद में पेड़ को रास्ते से हटाया गया तो आवागमन सामान्य हुआ.
मुआवजे की उठी मांग
गांव के समाजसेवी योगेंद्र गंझु ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है.
ये भी पढ़ें…
Ramgarh: काफिला रोक मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दिखाई मानवता, घायल मां-बेटे की बचाई जान
रामगढ़ पहुंचे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ जोरदार स्वागत
