गोला से राजकुमार की रिपोर्ट
Ramgarh News: गोला वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है. गुरुवार रात सुतरी गांव में हाथियों के झुंड ने खेतों में घुसकर जमकर तबाही मचायी. इस दौरान जगेश्वर महतो के स्वीट कॉर्न (मकई) के खेत को भारी नुकसान पहुंचा. हाथियों ने खेत में लगी मकई की फसल को खाकर और रौंदकर बर्बाद कर दिया. शुक्रवार सुबह जब किसान खेत पहुंचे तो फसल की स्थिति देखकर परेशान हो गये. खेतों में लगी फसल पूरी तरह क्षतिग्रस्त नजर आई.
40 क्विंटल मकई की फसल हुई नष्ट
जगेश्वर महतो ने बताया कि करीब 40 क्विंटल मकई की फसल हाथियों के कारण नष्ट हो गयी है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है. इसके अलावा अलका महतो, राजू महतो, सुलेखा देवी और गुलाबी देवी के खेतों में लगी फसलों को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया.
तीन सप्ताह से बना हुआ है हाथियों का आतंक
ग्रामीणों के अनुसार पिछले तीन सप्ताह से सुतरी और आसपास के इलाकों में हाथियों का लगातार आतंक बना हुआ है. रात होते ही ग्रामीण भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं.
इसे भी पढ़ें: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपी को 25 साल की सजा, अदालत ने सुनाया कड़ा फैसला
वन विभाग से की गई कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के स्थायी समाधान की मांग करते हुए प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की अपील की है. लोगों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाये गये तो किसानों को और अधिक नुकसान उठाना पड़ सकता है.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह में भीषण सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने कई गाड़ियों को रौंदा, पांच की मौत, 20 घायल
