जंगली हाथियों ने दो दर्जन से अधिक किसानों की फसल रौंदी, ग्रामीणों में दहशत

गोला वन क्षेत्र में जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया है। हाथियों ने दो दर्जन से अधिक किसानों की मकई और सब्जी की फसलें रौंदकर पूरी तरह बर्बाद कर दी हैं।

गोला: गोला वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रतिदिन हाथियों का झुंड गांवों में प्रवेश कर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. हाथियों के लगातार उत्पात से किसान आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं और कई किसानों का खेती से मोहभंग होने लगा है. मंगलवार रात जंगली हाथियों के झुंड ने कोरांबे, सुतरी एवं रकुवा गांव में जमकर उत्पात मचाया.

हाथियों ने दो दर्जन से अधिक किसानों के खेतों में लगी मकई, लौकी, भिंडी, परवल समेत अन्य सब्जी एवं खाद्यान्न फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया. कई स्थानों पर मकानों और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है. रकुवा गांव में रामस्वरूप सिंह, प्रकाश नारायण सिंह, रणवीर सिंह, बादल सिंह, सूरज सिंह, निशु कुमार, प्रदीप कुमार महतो, सुधीर कुमार सिंह, सुदर्शन महतो, अशोक महतो, झगरू सिंह और आशा देवी सहित कई किसानों की फसल क्षतिग्रस्त हुई.

वहीं सुतरी गांव में मोनू महतो, पिंटू महतो, टिंकू महतो, जगेश्वर महतो, सुलेखा देवी, शांति देवी, सूचना देवी, चंचला देवी, नेहा देवी और किरण देवी समेत अन्य किसानों को भी भारी नुकसान हुआ. ग्रामीणों ने वन विभाग को घटना की सूचना देकर प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, हाथियों को आबादी से दूर खदेड़ने तथा किसानों को शीघ्र क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराने की मांग की है.

जानकारी के अनुसार गोला वन क्षेत्र में अलग-अलग झुंडों में करीब 40 से 45 जंगली हाथी विचरण कर रहे हैं. इनमें पांच से अधिक हाथी के बच्चे भी शामिल हैं, जिससे उनका व्यवहार अधिक संवेदनशील माना जा रहा है. वन विभाग ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के निकट नहीं जाने की अपील कर रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >