मांडू. मांडू चट्टी पंचायत अंतर्गत ग्राम पुंडी के डगडगिया गांव के पास जंगल क्षेत्र में जंगली हाथियों का झुंड मौजूद है. हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. रविवार सुबह खेत में दवा छिड़कने गये युवक पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
जानकारी के अनुसार, छोटेलाल किस्कू अपने पिता के साथ खेत में दवा छिड़कने गया था. इसी दौरान एक जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया. हाथी के हमले में छोटेलाल बुरी तरह घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे आवश्यक उपचार के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया.
जंगल में जाने से बचने की अपील
जंगली हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की मांडू टीम ने ग्रामीणों और आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. विभाग ने डगडगिया जंगल और आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी है. साथ ही हाथियों के झुंड के करीब जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास नहीं करने को कहा गया है.
वन विभाग ने ग्रामीणों से बच्चों और मवेशियों पर विशेष नजर रखने की अपील की है. हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देने को कहा गया है.
जंगल में कैंप कर रही वन विभाग की टीम
वन विभाग की टीम क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के लिए मांडू वन विभाग की टीम जंगल क्षेत्र में कैंप कर रही है. विभाग की ओर से ग्रामीणों से अपील की गयी है कि हाथियों की मौजूदगी के दौरान सावधानी बरतें और किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं.
