फिरोज खान की रिपोर्ट
मांडू(रामगढ़). मांडू चट्टी पंचायत अंतर्गत ग्राम पुंडी के डगडगिया गांव के समीप जंगल क्षेत्र में जंगली हाथियों का झुंड मौजूद है. हाथियों की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. रविवार सुबह छोटेलाल किस्कू अपने पिता के साथ खेत में दवा छिड़कने गया था. इसी दौरान एक जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया. हाथी के हमले में वह बुरी तरह घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल छोटेलाल किस्कू को आवश्यक उपचार के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है.
वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क
जंगली हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की मांडू टीम ने ग्रामीणों और आम लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है. विभाग ने लोगों से कहा है कि डगडगिया जंगल और आसपास के क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचें. हाथियों के झुंड के करीब जाने या उन्हें देखने के लिए पीछा करने का प्रयास बिल्कुल न करें. वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने के साथ बच्चों और मवेशियों पर विशेष नजर रखने की अपील की है. हाथियों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देने को कहा गया है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़-रांची फोरलेन के चुटुपालू घाटी में 12 घंटे में 3 हादसे, डीएसपी के रिश्तेदार की मौत, 5 घायल
कैंप कर रही वन विभाग की टीम
वन विभाग की मांडू टीम क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है. स्थिति को देखते हुए विभाग की टीम जंगल में कैंप कर रही है और ग्रामीणों को हाथियों से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं.
